चंडीगढ़। सेक्टर-29 स्थित साईं मंदिर में बुधवार को गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। हरिद्वार से लाए गए गंगाजल से साईं बाबा का मंगल स्नान कराया गया और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 40 तोला सोने व पांच किलो चांदी से निर्मित करीब 75 लाख रुपये मूल्य का भव्य छत्र अर्पित किया गया। शाम को हमसर हयात निजामी के भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इस अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया और दूर-दराज से आए साधुओं को भोजन, वस्त्र व दक्षिणा देकर सम्मानपूर्वक विदा किया गया। साईं मंदिर ट्रस्ट के महासचिव मनीष गुप्ता ने बताया कि छत्र का निर्माण ट्रस्ट और साईं लाडली गुरु मां बंटी महंत के संयुक्त सहयोग से कराया गया। गुरु मां बंटी महंत ने लोगों से फर्जी किन्नरों की पहचान कर पुलिस को सूचना देने की अपील भी की। संवाद