संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। जयतीपुर–पठानकोट हाईवे पर वीरवार देर रात घने कोहरे के बीच भीषण सड़क हादसा हुआ। पाखरपुर गांव के पास स्थित पुल पर यात्रियों से भरी बस और भूसा लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कई यात्री घायल हुए, जबकि दोनों वाहन गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए।
जानकारी के अनुसार, बस बटाला से अमृतसर जा रही थी। पुल पर आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से बस की टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह टूट गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि किसी की जान नहीं गई, लेकिन घायलों को गंभीर चोटें आई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी निजी अस्पतालों में भर्ती करवाया गया। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू किया गया।
जांच अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस अधिक रफ्तार पर थी, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पुल पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है, क्योंकि इस जगह पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।