चंडीगढ़। रक्षाबंधन के पर्व पर सेक्टर-40 बी स्थित श्री हनुमंत धाम में इस बार 32 फुट ऊंचे वीर हनुमान जी के लिए सवा 12 फीट की राखी तैयार की जा रही है। मंदिर की बहनें पिछले करीब 10 दिनों से मिलजुलकर इस विशाल राखी को तैयार करने में जुटी हैं। रक्षाबंधन के दिन शुक्रवार सुबह 11:15 बजे वीर हनुमान जी को यह राखी बांधी जाएगी।
श्री हनुमंत धाम की प्रधान नीना तिवारी ने बताया कि राखी पूरी तरह इको फ्रेंडली है। इसे तैयार करने में गत्ता, थर्माकोल, गोटा-किनारी, कागज, शीशे सहित पर्यावरण के अनुकूल सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बुधवार शाम तक राखी को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बहनों की ओर से तैयार की जा रही यह राखी केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देगी। बहनें वीर हनुमान जी से प्रार्थना करेंगी कि वे देशवासियों की रक्षा करें और सभी के जीवन में सुख, शांति एवं सौभाग्य प्रदान करें।
राखी तैयार करने में मंच के सदस्य पाल शर्मा, उषा सिंगला, सुदर्शन, सरला चावला, कुमुद, अलका जोशी, दीप्ति, सुशीला, दर्शना, उर्मिल, कंचन, राज कालिया, बबली सहित अन्य बहनों ने सहयोग किया। रक्षाबंधन के अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना भी की जाएगी।