लॉकडाउन के चौथे फेज में शर्तों के साथ प्रतिबंधों में कुछ छूट मिलने पर 22 दिन के बाद बाजारों में रौनक दिखाई दी। पॉजिटिविटी दर 5 प्रतिशत पहुंचने पर सरकार अधिक ढील दे सकती है। सोमवार को प्रदेश में 3757 नए संक्रमित मिले और 8359 ठीक हुए। रिकवरी दर बढ़कर 93.84 प्रतिशत पर पहुंच गई है।
अभी संक्रमण दर 8.52 प्रतिशत है। वहीं, बीते 24 घंटे में संक्रमण से 95 मरीजों की मौत हुई। गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि राज्य में अभी तक संक्रमण दर 9 प्रतिशत के आसपास है। यह 5 प्रतिशत से नीचे आने पर लॉकडाउन में अधिक ढील दी जा सकती है। अभी उत्तर प्रदेश व दिल्ली सहित आसपास के अन्य राज्यों में पूरी तरह से लॉकडाउन है लेकिन हरियाणा में लोगों की अपील पर कुछ राहत दी है।
ऑड-इवन को लेकर पुलिसकर्मियों ने समझाया
लॉकडाउन के चौथे फेज में थोड़ी राहत देते हुए बाजार में दुकानों को खोलने के लिए ऑड-इवन का फॉर्मूला अपनाए जाने के आदेश दिए गए हैं लेकिन सोमवार को सदर बाजार में लोग ऑड-इवन को मानते हुए दिखाई नहीं दिए। सभी दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानें खोली हुई थी। ऐसे में पुलिसकर्मी बाजार में पहुंचे और दुकानदारों को उक्त नियम के अनुसार खोलने की जानकारी दी।
3757 केस, 95 की मौत
हरियाणा में 35 दिन बाद सोमवार को कोरोना संक्रमण के सबसे कम 3757 केस मिले हैं। एक दिन में 8359 लोग ठीक होकर घर पहुंचे और 95 मरीजों की मौत हुई। प्रदेश में रिकवरी दर बढ़कर 93.34 प्रतिशत पर पहुंच गई है। एक दिन में संक्रमण दर 7.70 प्रतिशत रही। मृत्यु दर 1.03 प्रतिशत है। सक्रीय मरीजों की संख्या भी घटकर 38119 रह गई है। 18 जिलों में नए केसों के मुकाबले ठीक होने वालों की संख्या अधिक है।
हर जिले में मौत
सोमवार को प्रदेश के हर जिले में कोरोना मरीजों की मौत दर्ज की गई है। सबसे अधिक हिसार में 11 मरीजों की जान गई। गुरुग्राम 9, फतेहाबाद-कैथल-कुरुक्षेत्र रेवाड़ी-पानीपत-फरीदाबाद 4-4, नूंह यमुनानगर सिरसा 5-5, पंचकूला-करनाल-सोनीपत 3- 3,जींद-भिवानी-अंबाला 6-6, रोहतक-पलवल-चरखी दादरी-महेंद्रगढ़ 2-2 और झज्जर में एक कोरोना मरीज की मौत हुई है।