चंडीगढ़ के सेक्टर-36 सी में रहने वाली 94 वर्षीय हरभजन कौर मंगलवार रात कौन बनेगा करोड़पति के कार्यक्रम में दिखीं। अमिताभ बच्चन ने भी उनके हौसले और जज्बे को सलाम किया। हरभजन कौर ने पूरी जिंदगी खुद कुछ नहीं कमाया तो उम्र के आखिरी पड़ाव में उन्हें ये बात खली। इसके बाद उन्होंने कुछ करने की ठानी और अब 94 वर्ष की उम्र में वो एक सफल उद्यमी हैं। वह देश के कोने-कोने में अपने हाथ की बनी स्पेशल बर्फी पहुंचा रही हैं।
हरभजन कौर की तीन बेटियां हैं, जिनमें से वह चंडीगढ़ में अपनी बेटी रवीना सूरी के पास रहती हैं। एक दिन रवीना ने पूछा कि उनके मन में ऐसी कौन सी इच्छा बाकी रह गई है, जो वह पूरा नहीं कर पाईं। तब हरभजन कौर ने कहा कि उन्होंने कभी खुद कुछ नहीं कमाया, इस बात का मलाल है। बेटी ने पूछा कि आपकी इच्छा क्या है। इस पर कहा कि वह बर्फी बना सकती हैं, क्योंकि पहले दिवाली के मौके पर वह परिवार के सदस्यों के लिए काफी बर्फी बनाती थीं। यहीं से स्टार्टअप का आइडिया आया। उन्होंने कुछ किलो बर्फी बनाई। टेस्टिंग के लिए साप्ताहिक मंडी में एक स्टॉल लगा कर देखा। वहां पहले दिन 2500 रुपये की कमाई हुई। इन पैसों से वह सभी को इंडियन कॉफी हाउस लेकर गईं।
कौर ने कुछ किलो बर्फी से शुरुआत की, जो लोगों को पसंद आने लगी। जैसे-जैसे ऑर्डर की संख्या बढ़ने लगी वैसे-वैसे हरभजन कौर ने बर्फियां बनानी शुरू कर दीं। महिंद्रा एंड महिंद्रा कंपनी के मालिक आनंद महिंद्रा ने उनकी कहानी ट्वीट की, तो उन्हें काफी लोकप्रियता मिली। ऑर्डर कई गुना बढ़ गए। अनिल कपूर की पत्नी सुनीता कपूर चंडीगढ़ आईं तो उनके यहां से बर्फी ऑर्डर की। उन्हें धर्मा प्रोडक्शन, कोलकाता में एक शादी में बर्फी जैसे कई बड़े ऑर्डर मिले। आईएसबी ने उन्हें स्पीच देने के लिए भी बुलाया।