चंडीगढ़ शिक्षा विभाग की ओर से जेबीटी और टीजीटी शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया का आयोजन करवाया जा रहा है। इसमें टीजीटी के 90 पदों पर विभाग को 8336 आवेदन और जेबीटी के 158 पदों पर 12770 आवेदन प्राप्त हुए हैं। कुल पदों के मुकाबले टीजीटी के 92 और जेबीटी के 80 गुना अधिक आवेदन मिले हैं। इसके साथ ही सोमवार को टीजीटी भर्ती के लिए आवेदन करने का समय खत्म हो गया है। वहीं, जेबीटी पदों के लिए 6 अक्तूबर तक आवेदन कर सकते हैं।
शिक्षा विभाग की ओर से जेबीटी के 158 पदों पर भर्ती प्रक्रिया के लिए आवेदन ऑनलाइन वेबसाइट ssa.chd.nic.in पर लिए जा रहे हैं। ये सभी पद कान्ट्रैक्ट पर हैं। शिक्षा विभाग की ओर से भर्ती प्रक्रिया की जानकारी वेबसाइट के साथ ट्वीटर हैंडल पर भी साझा की गई है। उम्मीदवारों के चयनित होने के बाद जेबीटी शिक्षकों की तनख्वाह 29,200 रुपये होगी। इन पदों पर आवेदन करने के लिए जनरल कैटेगरी के उम्मीदवारों को एक हजार रुपये शुल्क देना होगा जबकि आरक्षित श्रेणी के लिए शुल्क 500 रुपये तय किया गया है। इन पदों पर चयन लिखित परीक्षा के माध्यम से होगा। लिखित परीक्षा की तारीख का अभी ऐलान नहीं किया गया है।
ये हैं जेबीटी आवेदन की मुख्य तारीखें
ऑनलाइन आवेदन भरने की अंतिम तारीख : 06 अक्टूबर 2022
फीस जमा करने की अंतिम तारीख : 10 अक्टूबर 2022
जेबीटी परीक्षा आयोजन की तारीख : अभी घोषणा होनी है
ढाई घंटे की होगी लिखित परीक्षा
जेबीटी पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की संबंधित विषय में ग्रेजुएशन हो। साथ ही उसने डीएलएड परीक्षा भी पास की होनी चाहिए। इन पदों के लिए आयु सीमा 21 से 37 साल तय की गई है। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को नियमों के अनुसार छूट मिलेगी। लिखित परीक्षा ढाई घंटे की होगी। इसमें 150 अंकों के सवाल पूछे जाएंगे। पेपर में उम्मीदवार से सामान्य ज्ञान, विज्ञान, सोशल साइंस, गणित, हिंदी, अंग्रेजी और पंजाबी भाषा के प्रश्न पूछे जाएंगे। भर्ती प्रक्रिया के लिए उम्मीदवार की ओर से ग्रेजुएशन 50 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना जरूरी है।
जेबीटी और टीजीटी शिक्षक भर्ती के लिए देशभर से हजारों की संख्या में उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। सरकारी स्कूलों में बेहतरीन शिक्षा मुहैया करवाने के लिए जल्द ही भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। - हरसुहिंदरपाल सिंह बराड़, स्कूल शिक्षा निदेशक, यूटी