पंचकूला। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने नगर निकाय चुनाव 2026 के लिए अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया है। हाथ बदलेगा हालात और भ्रष्टाचार मिटाएंगे, पारदर्शिता लाएंगे जैसे संकल्पों के साथ कांग्रेस ने शहर की जनता को मूलभूत सुविधाओं से लेकर आधुनिक बुनियादी ढांचे तक का भरोसा दिलाया है। पंचकूला की मेयर प्रत्याशी सुधा भारद्वाज ने कहा कि मेनिफेस्टो कमेटी की ओर से तैयार इस घोषणा पत्र में पंचकूला जैसे शहरों को ग्रीन सिटी-क्लीन सिटी बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।
कांग्रेस ने वादा किया है कि शहरों को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए कचरा डंपिंग ग्राउंड की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। रिहायशी इलाकों से दूर गारबेज प्रोसेसिंग यूनिट लगाई जाएंगी और घर-घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। पंचकूला के पार्कों और मुख्य चौराहों का सौंदर्यीकरण कर वहां लाइटिंग और ओपन जिम की सुविधा दी जाएगी।
नगर निगमों को भ्रष्टाचार का अड्डा बताने वाली भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस ने विंडो सिस्टम को प्रभावी बनाने का वादा किया है। सबसे बड़ी राहत प्रॉपर्टी आईडी और एनडीसी को लेकर दी गई है। कांग्रेस ने संकल्प लिया है कि गलत प्रोपर्टी आईडी को तुरंत ठीक किया जाएगा और एनडीसी के लिए जनता को धक्के नहीं खाने पड़ेंगे। इसे 3 दिन की समय सीमा में उपलब्ध कराया जाएगा।
जलभराव और सड़कों के लिए स्थायी योजना
पंचकूला में बरसात के दौरान होने वाले जलभराव को देखते हुए कांग्रेस ने पुराने नालों को पक्का करने और पाइपलाइन सिस्टम के नवीनीकरण का वादा किया है। शहर की टूटी सड़कों की मरम्मत और हर गली को पक्का करना पार्टी की प्राथमिकता में शामिल है। महिलाओं के लिए सार्वजनिक शौचालयों की संख्या बढ़ाई जाएगी और कामकाजी महिलाओं के बच्चों के लिए वार्डों में शिशुगृह खोले जाएंगे।
गांवों को बनाएंगे मॉडल विलेज
नगर निगम में शामिल किए गए नए गांवों के लिए कांग्रेस ने मॉडल विलेज योजना पेश की है। गांवों में एयर कंडीशनर सामुदायिक केंद्र, मिनी स्टेडियम, खेल के मैदान और सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा, रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन को भी शहर के विकास कार्यों की योजना बनाने में शामिल किया जाएगा।
घोषणा पत्र की बड़ी बातें
-बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और बाजारों में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे।
-बुजुर्गों के लिए विशेष हेल्थ कैंप और सुविधा केंद्र।
-हर वार्ड में वाई-फाई युक्त आधुनिक लाइब्रेरी की स्थापना।
-जाम से मुक्ति के लिए लोकल ट्रैफिक प्लान और मल्टीस्टोरी पार्किंग।
संरक्षित पशुओं और बंदरों के आतंक से निजात के लिए बनेंगे आश्रय स्थल।