फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अवैध खनन के खिलाफ पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, छह जिलों में नौ लोग गिरफ्तार, 18 मशीनें जब्त

Sun, 15 Mar 2020 09:58 PM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

पंजाब पुलिस ने शनिवार को राज्य के छह जिलों में रात के समय अवैध खनन के खिलाफ विशेष ऑपरेशन के दौरान 9 लोगों को गिरफ्तार किया और 18 मशीनें भी जब्त कर लीं। डीजीपी दिनकर गुप्ता ने बताया कि यह कार्रवाई रोपड़, होशियारपुर, जालंधर सिटी, जालंधर ग्रामीण, मोगा और फाजिल्का में की गई, जहां जब्त सामान में जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रालियां और टिप्पर भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अब तक पुलिस ने 9 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है और जांच जारी है।

विज्ञापन


डीजीपी ने बताया कि रात के समय अवैध माइनिंग होने की रिपोर्ट और शिकायतें पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले में विशेष ऑपरेशन शुरू करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अवैध माइनिंग के खिलाफ कार्रवाई रोजाना की जाएगी। इसमें खनन विभाग के अफसरों को साथ लेकर संबंधित जिलों में रात के समय विशेष ऑपरेशन चलाया जायेगा। उन्होंने बताया कि पुलिस के साथ डिप्टी कमिश्नर की ओर से तैनात किये सिविल अधिकारी भी कार्रवाई में शामिल होंगे।

इन जिलों में हुई गिरफ्तारी
डीजीपी ने बताया कि बीती रात किए ऑपरेशन में रोपड़ में बारिश के कारण खनन में रुकावट पड़ी थी, छापा मारने गई टीम ने तीन व्यक्तियों को काबू कर मशीनरी के दो सेट जब्त किये। मोगा में दो व्यक्तियों को दो ट्रैक्टर-ट्रालियों के साथ गिरफ्तार कर पुलिस थाना सिटी मोगा में एफआईआर दर्ज की। डीजीपी के अनुसार पुलिस थाना सदर फाजिल्का के ड्यूटी अफसर ने पाया कि सुबह के समय अवैध खनन की गतिविधियां चल रही हैं, जिस पर माइनिंग एंड मिनरल एक्ट, 1957 के अंतर्गत एफआईआर दर्ज कर आठ ट्रैक्टर/ ट्रालियां जब्त की गईं। 

विज्ञापन
विज्ञापन

शनिवार को रात होशियारपुर में एक विशेष चेकिंग मुहिम के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया और इंप्लांट समेत ट्रैक्टर ट्रालियां जब्त की गईं। इस मामले में भी माइनिंग एंड मिनरल एक्ट की धारा 21 (1) के तहत पुलिस थाना हरियाना में एफआईआर दर्ज की गई है।

गुप्ता ने बताया कि जालंधर कमिश्नरेट में एक किसान के विरुद्ध अपने ही खेतों में खनन करने का केस दर्ज किया गया और एक जेसीबी कब्जे में ली गई। इसके अलावा जालंधर ग्रामीण में चार केस दर्ज किये गए और रात के समय पर खनन की कार्रवाई में शामिल होने के कारण चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई के दौरान 3 टिप्पर और 1 ट्रैक्टर-ट्राली जब्त की गई।

खनन विभाग और जिला अधिकारी शामिल होंगे ऑपरेशन में
डीजीपी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पुलिस के साथ रात के समय अवैध खनन के खिलाफ छापे में खनन विभाग और संबंधित जिला अधिकारियों को भी सहयोग देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हर शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है और इस अवैध गतिविधि में शामिल किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जायेगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें