8वां नेशनल क्राफ्ट मेला कलाग्राम में शुरू हो चुका है। इस बार यहां पर कई चीजें आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। आप भी देखने के लिए आएं। पधारो म्हारो देश...। कुछ इन्ही खूबसूरत शब्दों से शुक्रवार को मनीमाजरा स्थित कलाग्राम में आठवें नेशनल क्राफ्ट मेले का शुभारंभ हुआ। राजस्थान थीम पर आधारित इस मेले का उद्घाटन पंजाब के गवर्नर और चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी बदनौर की पत्नी अल्का सिंह बदनौर ने किया।
नॉर्थ जोन कल्चरल सेंटर पटियाला और चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से इस मेले का आयोजन किया गया है जो कि 13 नवंबर तक चलेगा। मेले में भारत के राजस्थान, आसाम, नागालैंड, उत्तराखंड, गुजरात और पंजाब राज्यों की सांस्कृतिक झलक देखने को मिली। मुख्य मेहमान का स्वागत सभी कलाकारों ने अपने अपने राज्यों की पोशाकों के साथ सज धजकर किया। मेले में 18 राज्यों के कलाकारों ने अपनी संस्कृति का रंग बिखेरा।
कल्चरल इवनिंग की शुरुआत राजस्थान के फोक सांग पधारो म्हारो देश से हुई। उसके बाद वहां का लोकनृत्य चारी पेश किया गया जिसमें ढोलक, नगाड़ा, हारमोनियम और थाली का प्रयोग किया गया। फिर एक के बाद एक राजस्थान के लोक नृत्य पेश किए गए। इस अवसर पर नॉर्थ जोन कल्चरल सेंटर पटियाला के डायरेक्टर राजिंदर सिंह गिल और सिटको की एमडी कविता सिंह विशेष तौर पर शामिल हुई।
नूरा सिस्टर्स को देखने के लिए उमड़ी भीड़
मेले के पहले दिन पंजाब की सूफी गायिका जोड़ी ज्योति नूरा और सुल्ताना नूरा ने अपनी सूफी गायकी से समां बांधा। उन्हें सुनने और देखने के लिए लोगों की काफी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने यार दी गली सांग से की। उसके बाद उन्होंने बॉलीवुड मूवीज सुल्तान और मिर्जया के गीतों के साथ साथ किस्सा पंजाब मूवी के गीतों पर दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। कई बड़ी फिल्मों में गाने के बाद अमीर खान की मूवी दंगल में भी उनका गीत शामिल है।