चंडीगढ़। शहर के कॉलेजों के शिक्षकों और गैर-शिक्षण प्रतिनिधियों की ओर से मंगलवार को उच्च शिक्षा निदेशक के साथ बैठक की गई। इसमें उच्च शिक्षा निदेशक अमनदीप सिंह भट्टी ने कहा कि वह शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के सभी मुद्दों को जल्द हल करने के लिए काम कर रहे हैं। यूजीसी के 7वें केंद्रीय वेतन आयोग और नवीनतम यूजीसी दिशानिर्देशों के अनुसार कैस (सीएस) पदोन्नति जैसी कई मांगों को एक सप्ताह के भीतर सकारात्मक रूप से हल कर दिया जाएगा।
कॉलेजों के शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों के सकारात्मक दृष्टिकोण को स्वीकार कर प्रदर्शन को स्थगित करने का फैसला लिया है। शिक्षकों ने बताया कि प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि केंद्रीय नियमों के अनुसार चंडीगढ़ कॉलेजों के गैर-शिक्षण कर्मचारियों का वेतन आयोग भी जल्द ही पंजाब की नोटिफिकेशन के अनुसार जारी किया जाएगा। सीएसीटीए के अध्यक्ष डॉ. गुरमेज और सचिव डॉ. सुतापा सरयाल ने उच्च शिक्षा विभाग के निदेशक की ओर से दिए आश्वासन पर संतोष व्यक्त किया गया। बैठक में नॉन टीचिंग स्टाफ यूनियन ऑल गवर्नमेंट कॉलेज यूटी के जनरल सेक्रेटरी दिवाकर तिवारी मौजूद रहे।