चंडीगढ़ में सेक्टर 17 के परेड ग्राउंड में वीरवार को 73वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पंजाब के राज्यपाल और यूटी के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने परेड की सलामी ली और राष्ट्रीय ध्वज फहराया। कार्यक्रम में पुलिस जवानों की टुकड़ी ने मार्च पास्ट किया। एनसीसी कैडेटों ने भी इसमें कदमताल मिलाई। वहीं स्कूल बच्चों ने शानदार और रंगारंग प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से एडवाइजर मनोज परीदा, डिप्टी कमिश्नर मनजीत सिंह बराड़, डीजीपी, एसएसपी सहित सभी आला अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासक ने विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाले नागरिकों और पुलिस अफसरों को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में अपने भाषण में प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने शहर से जुड़ी विभिन्न उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी। प्रशासक ने बताया कि शहर के सरकारी स्कूलों के रिजल्ट में 27 फीसद तक का इजाफा हुआ है। शहर में ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के तहत 4960 छोटे फ्लैटों का निर्माण किया गया है।
गवर्नर ने बताया कि इसके अलावा बच्चों के खेलने के लिए सेक्टर 36, सेक्टर 50 और सेक्टर 56 में 3 नए आधुनिक परिसरों की शुरुआत की गई है। अब शहर में तैराकी, बैडमिंटन, स्क्वैश, बॉक्सिंग जैसे खेलों की सुविधाएं मिलेंगी। एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की शूटिंग रेंज भी तैयार करने की योजना भी है।
गवर्नर ने बताया कि इस साल से सेक्टर-32 जीएमसीएच में एमबीबीएस की 100 सीटों को बढ़ाकर डेढ़ सौ कर दिया गया है। चंडीगढ़ में अब यहां के निवासी सीधा ऑटोमोबाइल डीलरों से अपने नए खरीदे गए वाहनों के लिए रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट प्राप्त कर सकेंगे।