पंजाब में कोरोना के मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मंगलवार को 73 नए केसों की पुष्टि होने के साथ ही राज्य में मरीजों की संख्या 396 पहुंच गई है। इनमें 11 मरीजों को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है जबकि दो मरीजों को क्रिटिकल केयर लेवल-3 की सुविधा प्रदान की गई है। हालांकि बीते 24 घंटे में किसी मरीज की मौत की खबर नहीं है। राज्य में कोरोना के ताजा हमले में एक अप्रैल 2022 से अब तक 217 मरीजों की मौत हो चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग के मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटे के दौरान लिए गए 2533 सैंपलों में से 2235 की जांच की गई, जिनमें 73 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 22 नए केस मोहाली में दर्ज हुए हैं, जहां 198 सैंपलों की जांच की गई थी। इसके साथ ही मोहाली जिले में कोरोना की संक्रमण दर भी सबसे अधिक 11.11 फीसदी तक पहुंच गई है।
अन्य जिलों में जालंधर में 324 सैंपलों की जांच में 14 नए मरीजों की पुष्टि हुई जबकि लुधियाना में 11 नए मरीजों का पता चला है। संक्रमण दर के मामले में मोहाली के बाद लुधियाना (10.09 फीसदी) तीसरे स्थान पर है। बठिंडा और मुक्तसर में 5-5 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। वहीं अमृतसर में 3, होशियारपुर, मोगा व पटियाला में 2-2 और नवांशहर में 1 नए मरीज का पता चला है।