चंडीगढ़। पीजीआई 14 से 16 नवंबर तक आईसीटीआरआईएमएस-2024 सम्मेलन आयोजित करने जा रहा है। इंडस्ट्रियल एरिया, फेज-1 स्थित एक निजी होटल में भारतीय न्यूरोलॉजी अकादमी के ऑटोइम्यून उपखंड के सहयोग से आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में मल्टीपल स्क्लेरोसिस रोग और इसके इलाज से जुड़ी जानकारियां साझा की जाएंगी। इस सम्मेलन में 700 से अधिक डॉक्टर, न्यूरोलॉजिस्ट और स्वास्थ्य विशेषज्ञ भाग लेंगे। गौरतलब है कि पीजीआई चंडीगढ़ ने 2016 में मल्टीपल स्क्लेरोसिस मरीजों के लिए विशेष क्लिनिक चलाया था जिसमें 300 से अधिक मरीज पंजीकृत हैं। इस सम्मेलन में मल्टीपल स्क्लेरोसिस और अन्य डेमाइलिनेटिंग विकारों के बारे में विशेषज्ञ विचार आपस में साझा करेंगे। इसमें कार्यशालाएं, वैज्ञानिक सत्र, और समर्पित सत्र रहेंगे, जिसमें राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य मल्टीपल स्क्लेरोसिस रोग के मरीजों के इलाज और देखभाल में सुधार के लिए नवीनतम शोध और इलाज की विधियों पर चर्चा करना है।
क्या है मल्टीपल स्क्लेरोसिस : मल्टीपल स्क्लेरोसिस सेंट्रल नर्वस सिस्टम की एक गंभीर बीमारी है। दुनिया में लगभग 23 लाख लोग इस बीमारी से झूज रहे हैं। वहीं बात करें भारत की तो 1 लाख लोगों में से केवल 9 से 10 ही इस बीमारी से प्रभावित हैं। यह बीमारी पुरुषों को मुताबिक ज्यादातर महिलाओं में दो से तीन गुना अधिक देखी जा रही है और आमतौर पर 18 से 40 साल की उम्र में होती है।