फिरोजपुर के थाना घल्लखुर्द के अंतर्गत गांव भागर में मंगलवार सुबह सरपंच के घर में अचानक आग लग गई। इस घटना में सरपंच की 70 वर्षीय माता की आग में झुलसने से मौत हो गई। घर में पड़ा कीमत सामान जल गया। सूचना मिलते ही नगर कांउंसिल फिरोजपुर शहर की फायर ब्रिगेड कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया।
ग्रामीणों ने बताया कि सरपंच बोहड़ सिंह की माता सुरजीत कौर हवेली के एक कमरे में सो रही थी। सुबह लगभग साढ़े छह बजे पता चला कि माता सुरजीत कौर के कमरे में अचानक आग लग गई। जब कमरे का दरवाजा तोड़ा तो माता की आग में झुलसने के कारण मौत हो गई थी। सूचना मिलते ही गांव के ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड कर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंच कर आग पर काबू पाया।
बताया जा रहा है कि बिजली के ट्रांसफार्मर में स्पार्किंग होने के कारण कमरे में आग लगी है। सरपंच के मुताबिक बाकी के सदस्य हवेली के अन्य कमरे में सो रहे थे। जबकि माता अपने कमरे में सोती थी। उधर, नगर काउंसिल फिरोजपुर फायर ब्रिगेड के अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही उन्हें आग लगने की सूचना मिली वैसे ही उनका वाहन घटनास्थल पर पहुंच गया और आग पर काबू पाया।