राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अंदर गणतंत्र दिवस पर उपद्रव के समय से लेकर पंजाब के लापता हुए किसानों में से 70 दिल्ली की जेलों में हैं। 19 और लापता लोगों में से 14 की जानकारी मिल चुकी है, बाकी पांच के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मंगलवार को बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने बैठक में बताया कि सोमवार को इस संबंध में पंजाब के नागरिकों की तरफ से शिकायतें दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर 112 जारी की गई थी। इस पर मिली सूचना के अनुसार पंजाब के पांच व्यक्ति अब भी लापता हैं। इन व्यक्तियों की खोज के लिए हर तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि किसानों की मुफ्त कानूनी सहायता के लिए एडवोकेट जनरल अतुल नंदा की तरफ से तैनात अधिवक्ताओं की 70 सदस्यीय टीम जेलों में बंद व्यक्तियों की पैरवी कर रही है।
पंजाब में आंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज 170 मुकदमे होंगे वापस
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि उनकी सरकार दिल्ली सीमा पर संघर्षरत किसानों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता मुहैया करवा रही है। किसानों की पंजाब में सुरक्षित घर वापसी को जरूरी बनाने के लिए हर संभव प्रयत्न पंजाब सरकार कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में आंदोलन के दौरान किसानों के खिलाफ दर्ज 170 केस उनकी सरकार वापस लेगी।