जीएमएसएच-16 की ओपीडी जब शुरू की गई थी, उस समय एक विभाग में एक दिन में 50 मरीजों को देखे जाने की सुविधा दी जा रही थी, लेकिन मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने मंगलवार को इसकी संख्या 50 से बढ़ाकर 70 कर दी है।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीके नागपाल ने बताया कि 7 महीने बाद ओपीडी शुरू होने से अचानक मरीजों का दबाव बढ़ना लाजमी है। ऐसी स्थिति में जरूरी है कि संक्रमण से बचाव के मानकों का प्रयोग करते हुए मरीजों को इलाज दिया जाए, इसलिए एक ओपीडी में 70 मरीज देखने की सुविधा दी जा रही है ताकि मरीजों को इलाज देते हुए सामाजिक दूरी के मानकों का पालन भी हो सके।
उन्होंने बताया कि 1 विभाग में 1 दिन में 70 मरीजों का पंजीकरण होगा। उसके बाद आने वाले मरीजों को अगले दिन की ओपीडी में बुलाया जाएगा जिससे किसी भी तरह की अव्यवस्था न फैल सके। गौरतलब है कि मौजूदा समय में सिर्फ जीएमएसएच-16 की ओपीडी संचालित की जा रही है। पीजीआई और जीएमसीएच-32 की ओपीडी बंद चल रही है। पीजीआई की ओपीडी का संचालन 2 नवंबर से किया जाएगा।