पंचकूला। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से वीरवार को सेक्टर-5 की हैप्पीनेस फूड मार्केट के कियोस्क की ऑनलाइन नीलामी की गई। नीलामी में प्राधिकरण के सात कियोस्क सवा 10 करोड़ से ज्यादा रुपये में बिके। सात में तीन कियोस्क तो रिजर्व प्राइस से दोगुना दाम पर बिके हैं। सेक्टर-5 में एचएसवीपी की ओर से हैप्पीनेस फूड मार्केट बनाई जा रही है। इसमें एचएसवीपी की ओर से 40 कियोस्क की नीलामी की जानी है। इनमें से 38 कियोस्क 3.05 बाई 6.05 मीटर के होंगे जबकि दो कियोस्क 6.10 बाई 6.10 मीटर के रहेंगे। वीरवार को सात कियोस्क की नीलामी हो गई है। कियोस्क नंबर 3, 4, 7, 8, 9, 10 और 11 को लोगों ने खरीद लिया है।
एशिया की सबसे बेहतर फूड स्ट्रीट बनाई जाएगी
प्राधिकरण की योजना है कि सेक्टर-5 में एशिया की सबसे बेहतर फूड स्ट्रीट बनाई जाए। इसीलिए इस मार्केट में कई देशों के प्रचलित व्यंजन लोगों को खाने के लिए मिलेंगे। इसके अलावा लोग खुले में लगी टेबल-कुर्सी पर खाने का आनंद ले सकेंगे। मार्केट के बीच में ही फव्वारे भी लगाए जाएंगे जिससे इसकी शोभा और भी बढ़ जाएंगी। पूरी मार्केट को रंग-बिरंगी लाइटों से भी सजाया जाएगा। दुकानों के साथ ही लाइव शो और कंसर्ट के लिए स्टेज भी बनाया जाएगा।
14 मई को होगी कॉर्नर के कियोस्क की नीलामी
एचएसवीपी की ओर से 40 कियोस्क की नीलामी की जानी है। वीरवार को मार्केट के बीच में बनने वाले सात कियोस्क की नीलामी की गई है। अब 14 मई को उन कियोस्क की नीलामी की जाएगी जो कौनों पर बनेंगे। इसके बाद 25 मई को बाकी बचे कियोस्क को नीलाम किया जाएगा।
वर्जन...
सेक्टर-5 में हैप्पीनेस फूड स्ट्रीट के लिए पहली ऑनलाइन नीलामी वीरवार को की गई। यहां विश्व स्तरीय मार्केट डेवलप की जाएगी जहां लोगों को उच्च स्तरीय सुविधाएं मिलेंगी। आगामी नीलामी 14 और 25 मई को की जाएगी। वीरवार को नीलामी में 1.62 करोड़ रुपये तक की कीमत ऑनलाइन नीलामी में लगी है।
- मानव मलिक, ईओ पंचकूला, एचएसवीपी
कियोस्क नंबर कीमत
3- 12712200
4- 13312200
7- 13672200
8- 15302200
9- 15372200
10- 16072200
11- 16282200