7 टीके लगवाइए और बच्चों को बीमारियों से दूर रखिए। इसके लिए हेल्थ विभाग का मिशन इंद्रधनुष शुरू हो गया है।
इस मिशन के तहत नवजात बच्चों को एक वैक्सीन की डोज देने से सात गंभीर रोगों से मुक्त करवा जा सकता है।
शहर में इस मिशन का शुभारंभ संयुक्त स्वास्थ्य सचिव एवं जनसंपर्क विभाग की निदेशिका नवजोत कौर ने गांव कजहेड़ी स्थित टीन कालोनी के बच्चों को वैक्सीन पिलाकर किया।
यह वैक्सीन डायरिया, काली खांसी, टेटनेस, पोलियो, तपेदिक, हेपेटाइटिस बी एवं कुपोषण से रक्षा करती है। इस मिशन में शहर की सभी कालोनियों में रहने वाले परिवारों के बच्चों को मुख्य रूप से टारगेट किया गया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से इस मिशन के दूसरे चरण को बुधवार से पूरे देश में इंद्रधनुष मिशन के रुप में लांच किया गया है।
इससे पहले नवजात बच्चों को चार प्रकार की वैक्सीन दी जाती थी, लेकिन अब कुछ समय से मार्केट में नई वैक्सीन आने से बच्चों को एक ही वैक्सीन की डोज उम्र के हिसाब से दी जा रही है।
इस मिशन के तहत देश के बच्चों को वर्ष 2020 तक पूरी तरह सात रोगों से मुक्त करना है। इस मिशन में दो साल तक के बच्चों को दवा पिलाई जाएगी।
शहर में इंद्रधनुष मिशन के दूसरे चरण के शुभारंभ के समय स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक डॉ. वीके गगनेजा भी मौजूद थे।