चंडीगढ़। इंडियन ओवरसीज बैंक से 7.29 करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में सीबीआई अदालत में सोमवार को आरोपी विजय कुमार के बयान दर्ज किए गए। विजय ने अरविंद मशीन टूल्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर अमरिंदर सिंह गोरवारा और पंजाब स्टील स्क्रैप कारपोरेशन के प्रोपराइटर परमिंदर सिंह के खिलाफ बयान दिए हैं। अगली सुनवाई पर यदि आरोपी पेश नहीं हुए तो उन्हें भगोड़ा घोषित कर दिया जाएगा।
अदालत ने आरोपियों को पेश होने के लिए 19 मार्च तक का समय दिया है। आरोपियों को अदालत की तरफ से कई बार पेश होने के लिए समन भेजे जा चुके हैं। उसके बावजूद आरोपी अदालत में पेश नहीं हो रहे। अब अदालत ने कार्रवाई करते हुए उन्हें आखिरी मौका दिया है। इस मामले के आरोपियों में अमरिंदर सिंह गोरवारा, परमिंदर सिंह के अलावा आदर्श कुमार राजवंशी, सत्य कुमार, दलजीत कौर गोरवारा, साहिल गोरवारा, विजय कुमार और राज कुमार पांजला शामिल हैं।
बता दें कि इंडियन ओवरसीज बैंक के चीफ रीजनल मैनेजर डीसी कार ने सीबीआई को शिकायत दी थी कि डेराबस्सी स्थित अरविंद मशीन टूल्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर अमविंदर सिंह गोरवारा, साहिल और दलजीत कौर ने बैंक के ही अधिकारियों के साथ मिलकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की है। शिकायत में उन्होंने बताया था कि अरविंद मशीन टूल्स कंपनी ने इंडियन ओवरसीज बैंक से मशीन खरीदने के लिए बैंक से 7.29 करोड़ रुपये का लोन लिया था, लेकिन बैंक को कंपनी पर जालसाजी का शक हुआ। बैंक ने इस मामले की शिकायत सीबीआई को दी। सीबीआई ने अपनी जांच में पाया कि मालिक व डायरेक्टरों ने फर्जी कंपनियां बनाकर बैंक से करोड़ों का लोन लिया था।