फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: चंडीगढ़ में 67.9 फीसदी मतदान, पिछली बार से 2.64 फीसदी कम पड़े वोट

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। भीषण गर्मी के बावजूद चंडीगढ़ियों ने लोकतंत्र के महापर्व में पूरे जोश से हिस्सा लिया। कुल 659,805 पात्र मतदाताओं में से 4,48,007 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुल 67.90 फीसदी मतदान हुआ है, जो पिछले लोकसभा चुनाव से 2.64 फीसदी कम है। वर्ष 2019 में चंडीगढ़ में कुल 70.54 प्रतिशत वोट पड़े थे। वहीं, वर्ष 2014 के चुनाव में शहर में 73.69 फीसदी मतदान हुआ था। रिटर्निंग ऑफिसर के अनुसार, 67.90 फीसदी मतदान का आंकड़ा फाइनल नहीं है क्योंकि मतदान दलों की तरफ से दिए गए आंकड़ों के मिलान के बाद फाइनल आंकड़ा जारी किया जाएगा। इसमें थोड़ा बहुत परिवर्तन हो सकता है।
विज्ञापन


लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में पुलिस के कड़े पहरे के बीच शहर भर में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हुआ। शहर में कुल 614 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जिनमें से 139 संवेदनशील और 80 अतिसंवेदनशील बूथ शामिल थे। कुछ कॉलोनियों में भारी भीड़ की वजह से पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की घटनाएं हुईं, बाकी पूरे शहर में स्थिति सामान्य रही। सुबह 7 बजे से ही पुलिस के बड़े आलाधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए निरीक्षण करना शुरू कर दिया था।
पुलिस के अलावा सीएपीएफ के जवान भी विशेष तौर पर तैनात किए गए थे। एसएसपी कंवरदीप कौर ने बताया कि सिविल ड्रेस में भी जवानों को तैनात किया गया था ताकि वह लोगों के बीच रहकर सभी गतिविधियों पर नजर रख सकें। मलोया क्षेत्र में में गलियां तंग व छोटी होने के कारण पुलिस की पीसीआर गश्त नहीं कर पा रही थी। ऐसे में पुलिस के जवान घोड़ों पर गश्त करते नजर आए। मतदान खत्म होने के बाद देर रात तक सेक्टर-26 में बनाए गए स्ट्रांग रूम में ईवीएम मशीनों को जमा करवाने के लिए कर्मचारियों की काफी भीड़ लगी रही। यहां भी पुलिस व प्रशासन की ओर से पुख्ता प्रबंध किए गए थे।
विज्ञापन

वोट डालने के लिए लोगों में गजब का उत्साह नजर आया। मलोया में तो सुबह चार बजे ही कई लोग लाइन में लग गए थे। कई इलाकों में तो लोग पहचानपत्र लेकर सुबह की सैर पर निकले और वोट डालने के बाद घर पहुंचे। इसी का नतीजा था कि शहर में दोपहर एक बजे तक ही 40 फीसदी मतदान हो चुका था। सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे खत्म हो गया लेकिन जो मतदाता लाइन में लगे थे, उन्हें वोट देने दिया गया। सेक्टरों में ठीक शाम 6 बजे मतदान संपन्न हो गया लेकिन विभिन्न कालोनियों में भीड़ ज्यादा होने की वजह से देर शाम तक वोटिंग हुई।
सभी गांव और कॉलोनियों के बूथों पर अच्छी खासी भीड़ रही। कुछ बूथों पर मॉक पोलिंग के दौरान ईवीएम दगा दे गए लेकिन उन्हें समय रहते ही ठीक कर लिया गया। इस बार ईवीएम खराब की सूचनाएं नहीं मिली। कुछ केंद्रों पर मतदान 15 मिनट की देरी से शुरू हुआ। बहुत से लोगों की शिकायत रही कि कई मतदान केंद्रों पर मतदान की प्रक्रिया बहुत धीमी रही, जिसकी वजह से लोगों को काफी परेशानी आई।


19 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद, चार को आएंगे नतीजे
चंडीगढ़ की सीट पर मतदान होने के बाद 19 प्रत्याशियों का भाग्य इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में कैद हो गया है। शनिवार को देर रात तक स्ट्रांग रूम में वोटिंग मशीनों को जमा कर दिया गया। इन मशीनों को सेक्टर-26 के चंडीगढ़ कॉलेज आफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में रखा गया है। अब चार जून को मतगणना वाले दिन यह ईवीएम खुलेंगे। तब तक ये ईवीएम सख्त पहरे में रहेंगी। हालांकि माना जा रहा है कि मुख्य मुकाबला भाजपा के प्रत्याशी संजय टंडन और कांग्रेस के मनीष तिवारी के बीच है। कौन बाजी मारेगी, इसका फैसला 4 जून को ही होगा।

सुबह ही पहुंचे अधिकतर मतदाता, दोपहर में रहा सन्नाटा
भीषण गर्मी को देखते हुए बहुत से लोग सुबह ही मतदान केंद्र पर पहुंच गए थे। इस वजह से सुबह ज्यादा भीड़ रही और दोपहर के समय अधिकतर मतदान केंद्र खाली नजर आए। वीवीआईपी सेक्टरों में पोलिंग बूथ सुबह 11 बजे के बाद ही खाली हो गए। इसके बाद इक्का-दुक्का लोग ही पहुंचे, जबकि कॉलोनियों में देर शाम तक भीड़ रही। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी वोट डाला। इसमें प्रशासक के सलाहकार राजीव वर्मा, मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय नामदेवराव जड़े व अन्य रहे।
विज्ञापन


हर घंटे बढ़ता रहा मतदान
समय - मतदान
सुबह 9 बजे - 11.64 फीसदी
सुबह 11 बजे - 25.03 फीसदी
दोपहर 1 बजे - 40.14 फीसदी
दोपहर 3 बजे - 52.61 फीसदी
शाम 5 बजे - 62.8 फीसदी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें