चंडीगढ़। पीजीआई में इस बार नेशनल एकेडमी ऑफ मेडिकल साइंसेज का 65वां दीक्षांत समारोह और वार्षिक वैज्ञानिक सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। तीन दिवसीय कार्यक्रम 7 से 9 नवंबर तक चलेगा। इस आयोजन में देशभर के करीब 300 जाने-माने डॉक्टर, वैज्ञानिक, शोधकर्ता और शिक्षाविद भाग लेंगे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 8 नवंबर की शाम 5 बजे नाइन ऑडिटोरियम में होने वाला दीक्षांत समारोह होगा।
इस अवसर पर हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष मुख्य अतिथि होंगे और नीति आयोग के सदस्य डॉ. विनोद कुमार पॉल विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। नेशनल एकेडमी ऑफ मेडिकल साइंसेज (नेमस) के अध्यक्ष डॉ. दिगंबर बेहरा भी इस मौके पर मौजूद रहेंगे।पीजीआई के निदेशक प्रो. विवेक लाल ने बताया कि आयोजन सिर्फ एक शैक्षणिक कार्यक्रम नहीं है बल्कि यह भारत की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के साझा संकल्प का प्रतीक है।
सम्मेलन के दौरान विभिन्न विषयों पर कार्यशालाएं और सत्र आयोजित किए जाएंगे जिनमें क्रिटिकल केयर और डिजास्टर मैनेजमेंट, दवाओं के नियमन, हेल्थ टेक्नोलॉजी असेसमेंट, और डिजिटल हेल्थ जैसे विषय शामिल रहेंगे। एक विशेष सत्र एआई और ओमिक्स टेक्नोलॉजी पर होगा, जिसमें यह चर्चा की जाएगी कि यह तकनीकें संक्रमण की निगरानी, डायग्नोस्टिक और इलाज में कैसे मददगार हो सकती हैं।