पीजीआई चंडीगढ़ में एक बार फिर पंजाब के एक कोरोना पॉजिटिव बच्चे की मौत हो गई। रविवार को उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। यह मौत भी पीजीआई के एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर में हुई है। बता दें कि कुछ दिन पहले भी पंजाब के एक बच्चे की पीडियाट्रिक सेंटर में इलाज के दौरान मौत हुई थी। बाद में उसे कोरोना होने की पुष्टि हुई थी।
लुधियाना (पंजाब) के हैबोवाल निवासी 6 साल वर्षीय बच्चे को 15 मई को पीजीआई के एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर में भर्ती किया गया था, जिसकी रविवार को मौत हो गई। पीजीआई प्रशासन के अनुसार, बच्चे को एक्यूट लिवर फेल्योर, रेस्पेरेट्री फेल्योर और एक्यूट हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारियां थीं। लेकिन बच्चे को कोरोना होने की पुष्टि भी हो गई थी।
पीजीआई प्रशासन के अनुसार, बच्चे के संपर्क में आए एक डॉक्टर समेत छह लोगों को आइसोलेट कर दिया गया है। एक रेजिडेंट डॉक्टर ने कोरोना के संदिग्ध होने के बावजूद बच्चे के संपर्क में आने में दौरान कोरोना से संबंधित मानकों की अनदेखी की, इसलिए उसका सैंपल कोरोना टेस्ट के लिए भेजा गया है।