माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। पीजीआई में एक बार फिर पंजाब के एक कोरोना पॉजिटिव बच्चे ने रविवार को इलाज में दौरान दम तोड़ दिया। यह मौत भी पीजीआई के एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर में हुई है। बच्चे को कोरोना के अलावा और भी कई गंभीर बीमारियां थीं। रिपोर्ट में कोरोना की पुष्टि होने के बाद उस बच्चे के संपर्क में आए एक डॉक्टर समेत 6 लोगों को आइसोलेट कर दिया गया है। कुछ दिन पहले भी पंजाब के एक बच्चे की पीडियाट्रिक सेंटर में इलाज के दौरान हुई मौत के बाद उसकी रिपोर्ट में कोरोना की पुष्टि हुई थी।
लुधियाना (पंजाब) के हैबोवाल निवासी 6 साल वर्षीय बच्चे को 15 मई को पीजीआई के एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर में भर्ती किया गया था, जिसकी रविवार सुबह 11 बजे मौत हो गई। पीजीआई प्रशासन के अनुसार, बच्चे को एक्यूट लिवर फेल्योर, रेस्पेरेट्री फेल्योर और एक्यूट हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारियां भी थीं। वहीं बच्चे के संपर्क में आए एक रेजिडेंट डॉक्टर समेत 6 अन्य लोगों को आइसोलेशन में रखा गया है। पीजीआई प्रशासन के अनुसार, रेजिडेंट डॉक्टर ने कोरोना के संदिग्ध होने के बावजूद बच्चे में संपर्क में आने में दौरान कोरोना से संबंधित मानकों की अनदेखी की, इसलिए उसका सैंपल कोरोना टेस्ट के लिए भेजा गया है।
सहारनपुर के एक बच्चे में कोरोना की पुष्टि
एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर के जिस वार्ड में कोरोना पॉजिटिव बच्चे की मौत हुई है, वहां भर्ती 6 वर्षीय एक अन्य बच्चे में रविवार को कोरोना वायरस की पुष्टि हुई। ये कोरोना संक्रमित बच्चा उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का निवासी है। रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही उसे तत्काल कोरोना डेडिकेटेड हॉस्पिटल में शिफ्ट कर दिया गया। इस कोरोना पॉजिटिव बच्चे के भी संपर्क में आए पीजीआई के एक सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर को क्वारंटीन कर दिया गया है जबकि उसकी मां को उसके साथ आइसोलेशन वार्ड में रखकर उसके पिता को क्वारंटीन किया गया है।
एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर पर मंडरा रहा कोरोना का खतरा
पीजीआई के एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर पर एक बार फिर कोरोना के संक्रमण का खतरा मंडराने लगा है। वार्ड में इससे पहले भी पंजाब के ही एक और बच्चे की मौत हो चुकी है, जिसमें मौत के बाद केे कोरोना की पुष्टि होने पर पीजीआई के डॉक्टर और दर्जनों स्टाफ कोरोना संक्रमण की जद में आ गए थे। वहीं रविवार को हुई दूसरी मौत के बाद एक बार फिर खतरा बढ़ गया है। वार्ड में भर्ती अन्य बच्चों और उनके परिजनों में भी संक्रमण की आशंका की जा रही है जबकि पीजीआई प्रशासन का कहना है कि कोरोना संक्रमण से बचाव के मानकों का सभी यूनिट में पूरी तरह से पालन हो रहा है।