फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहर में एक दिन में मिले कोरोना के 6 पॉजिटिव मरीज, मचा हड़कंप

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। शहर में रविवार को एक ही दिन छह कोरोना पॉजिटिव मरीजों के मिलने से स्वास्थ्य विभाग से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। इसके साथ ही चंडीगढ़ में रविवार का दिन सबसे ज्यादा पॉजिटिव केस आने वाला दिन बन गया। पॉजिटिव मिले मरीजों में बापूधाम कालोनी निवासी और जीएमसीएच-32 के वार्ड अटेंडेंट पॉजिटिव मरीज की छह माह की बच्ची समेत परिवार के चार अन्य सदस्य पॉजिटिव मिले। वहीं पीजीआई और जीएमसीएच-32 का एक-एक नर्सिंग स्टाफ भी कोरोना की चपेट में आ गया है। ऐसे में महज तीन दिन में शहर में कोरोना के 9 पॉजिटिव मरीज मिलने से एक बार फिर अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है। अब स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन के अफसर मिलकर कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने की नई रणनीति तैयार करने में जुट गए हैं। छह और मरीजों के मिलने के बाद अब शहर में कुल 36 कोरोना पॉजिटिव मरीज हो गए हैं। 21 अप्रैल से 23 अप्रैल तक एक भी कोरोना पॉजिटिव न आने से अधिकारी भी कोरोना की चेन टूटने का दम भर रहे थे, लेकिन तीन दिन बाद अचानक तेजी से पॉजिटिव केस मिलने से फिर नए सिरे से सोचने और प्लानिंग में जुट गए हैं। अधिकारियों का मानना है कि सोशल डिस्टेंसिंग को फॉलो न कर लोग मनमानी कर रहे हैं। इसी से कोरोना की चेन लगातार बढ़ रही है।
विज्ञापन

पत्नी की रिपोर्ट अभी नहीं आई है, भाई सुरक्षित
बापूधाम निवासी जीएमसीएच के वार्ड अटेंडेंट के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उसके परिवार के सभी सदस्यों के नमूने लिए गए थे। शनिवार को उसके पिता के पॉजिटिव आने के बाद रविवार को उसकी 6 माह की बेटी, 48 वर्षीय मां और 28 और 24 वर्षीय दो बहनें भी पॉजिटिव मिलीं। रिपोर्ट आने के बाद देर शाम सभी को पीजीआई के कोरोना डेडिकेटेड हॉस्पिटल में भर्ती कर दिया गया। उधर, वार्ड अटेंडेंट का भाई सुरक्षित है, उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, पत्नी की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है।
सोशल डिस्टेंसिंग न मानने का नतीजा भुगत रहा पूरा परिवार
कोरोना से बचने के लिए अधिकारी लगातार लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने और घरों में रहने की अपील कर रहे हैं, लेकिन लोग हैं कि मानने को तैयार नहीं। बापूधाम का पहला पॉजिटव मरीज जीएमसीएच-32 में वार्ड अटेंडेंट के पद पर तैनात है। वायरस की गंभीरता को दरकिनार कर उसने घर में शादी की सालगिरह की पार्टी की। यही कारण रहा की 136 लोगों को क्वारंटीन करने के साथ ही बापूधाम कालोनी के कुछ ब्लॉक भी सील करना पड़ा। उसकी लापरवाही पर पुलिस ने उस पर केस भी दर्ज कर लिया है, लेकिन उनकी गलती की सजा घर वालों को भुगतना पड़ा।
विज्ञापन

प्रमुख अस्पतालों का स्टाफ तेजी से आ रहा कोरोना की चपेट में
रविवार को जीएमसीएच-32 की इमरजेंसी सर्जरी में तैनात 25 वर्षीय पुरुष नर्सिंग स्टाफ व पीजीआई की 26 वर्षीय एक नर्सिंग ऑफिसर की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। अस्पतालों में तैनात स्टाफ के लगातार कोरोना की चपेट में आने से स्वास्थ्य विभाग की समस्या बढ़ गई है। इस स्थिति से बचने के लिए प्रशासन हॉस्पिटल की व्यवस्था में बदलाव करने की योजना बना रहा है, जिससे डॉक्टरों और स्टाफ को संक्रमण से बचाया जा सके। बता दें कि प्रशासन पहले पीजीआई के साथ जीएमसीएच-32 व जीएमसीएच-16 में आइसोलेशन वार्ड बनाकर कोरोना पॉजिटिव मरीजों को रख रहा था। बाद में तय हुआ की पॉजिटिव मरीज सिर्फ पीजीआई के नेहरू एक्सटेंशन में बनाए गए कोरोना डेडिकेटेड हॉस्पिटल में रखे जाएंगे। हालांकि पीजीआई के डॉक्टरों और स्टाफ ने इसका विरोध किया, लेकिन व्यवस्था शुरू कर दी गई। हालात यह है कि अब तक नर्सिंग स्टाफ, हेल्थ वर्कर व कुक को मिलाकर पीजीआई का सात स्टाफ पॉजिटिव हो चुका है। वहीं 150 से ज्यादा स्टाफ को मरीजों से संक्रमण की शंका पर क्वारंटीन किया जा चुका है। वहीं जीएमसीएच-32 में भी लगातार स्टाफ पॉजिटिव मिल रहा है।
मरीजों की रिकवरी में चंडीगढ़ का तीसरे स्थान पर लेकिन मरीज लगातार बढ़ रहे
अब तक शहर में 17 मरीज कोरोना को मात देकर घर जा चुके हैं। स्वास्थ्य सचिव अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि कोरोना में देश का रिकवरी रेट 20 है, जबकि चंडीगढ़ का रिकवरी रेट 56 है। रिकवरी के मामले में चंडीगढ़ देश मे तीसरे स्थान पर है। चंडीगढ़ में कोरोना के मामले लगभग 30 दिन में दोगुने हुए हैं जबकि राष्ट्रीय औसत साढ़े आठ दिन का है, लेकिन अंतिम तीन दिन में यह आंकड़ा थोड़ा गड़बड़ाया है। तीन दिन में 9 मरीज मिलने से चंडीगढ़ में समस्याएं कम होती नहीं दिख रहीं।
विज्ञापन

चंडीगढ़ में कब कब मिले मरीज
-18 मार्च को पहले मरीज में कोरोना की पुष्टि हुई
- 20 मार्च को उस मरीज के संपर्क में आए उसके भाई, कुक और माँ की रिपोर्ट पॉजिटिव आई
- 20 मार्च को ही यूके से एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई
- 25 मार्च को दुबई से लौटे एक युवक में कोरोना की पुष्टि हुई
- 28 मार्च को उस युवक की मां की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, कनाडा से लौटे दंपती की रिपोर्ट पॉजिटिव आई
- 30 मार्च को 5 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई
- 31 मार्च को 2 मरीजों में हुई कोरोना की पुष्टि
- 1 अप्रैल को सेक्टर 35 निवासी एक मरीज में हुई कोरोना की पुष्टि
- 2 अप्रैल को सेक्टर 33 निवासी 59 साल की महिला और 10 माह की बच्ची में कोरोना की हुई पुष्टि
- 10 अप्रैल को सेक्टर 37 सी निवासी पीयू के प्रोफेसर में कोरोना की हुई पुष्टि
- 12 अप्रैल को सेक्टर 37 सी निवासी पीयू के प्रोफेसर की सास और 8 साल की बेटी में हुई कोरोना की पुष्टि
- 17 अप्रैल को पीजीआई में काम करने वाले एक हेल्थ वर्कर और सेक्टर 30 निवासी महिला की रिपोर्ट आई पॉजिटिव
- 19 अप्रैल को सेक्टर 30 निवासी कोरोना पॉजिटिव महिला के पति, बेटे और पोती में कोरोना की पुष्टि
- 20 अप्रैल को सेक्टर 18 निवासी 82 साल की वृद्धा में हुई कोरोना की पुष्टि
- 24 अप्रैल को बापूधाम कालोनी निवासी व जीएमसीएच के वार्ड अटेंडेंट युवक में हुई कोरोना की पुष्टि
- 25 अप्रैल को मौलीजागरां निवासी जीएमसीएच के ओटी अटेंडेंट में हुई कोरोना की पुष्टि
- 25 अप्रैल को ही वार्ड अटेंडेंट के पिता में कोरोना की पुष्टि हुई
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें