श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के समागम में सांझी स्टेज को लेकर पंजाब सरकार व एसजीपीसी के बीच तालमेल बनता नहीं दिख रहा है। जहां एसजीपीसी का स्टेज गुरुनानक स्टेडियम के पास बन रहा है, वहीं पंजाब सरकार का स्टेज माछी जोआ के पास है। शुक्रवार को इस मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल और पंजाब के मंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने प्रेस कांफ्रेंस कर एक-दूसरे पर आरोप लगाए।
एसजीपीसी सरकार की स्टेज पर नहीं जाएगी: हरसिमरत
केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने दो टूक कहा कि एसजीपीसी, सरकार के स्टेज पर नहीं जाएगी। कैप्टन अमरिंदर सिंह अलग स्टेज लगाकर श्री अकाल तख्त साहिब के आदेशों का उल्लंघन कर रहे हैं। अब तक जितने भी शताब्दी समारोह होते आए हैं, उनका प्रबंध एसजीपीसी ही करती आई है। क्योंकि एसजीपीसी निरोल धार्मिक संस्था है। रेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में हरसिमरत बादल ने कहा कि पंजाब सरकार अलग स्टेज लगाकर कौम को नीचा दिखाने में लगी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कैप्टन अमरिंदर सिंह एसजीपीसी के धार्मिक कार्यक्रम को खराब करने पर तुले हुए हैं। इस बार तो विशेष तौर पर तालमेल कमेटी बनाई है। एसजीपीसी धार्मिक संस्था के तौर पर प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और अन्य हस्तियों को निमंत्रण देकर आई है, यह उनका काम है। पंजाब सरकार का काम है, संगत को सुविधाएं उपलब्ध करवाना। लेकिन इन सुविधाओं को मुकम्मल करवाने में कैप्टन ने कुछ नहीं किया है।
कैप्टन के पाकिस्तान न जाने के बयान को बेतुका बताते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनके पाकिस्तान से संबंध हैं। फिर बोलीं छड्डो जी मैं कैप्टन साब दी गल्ल नई करना चाहूंदी। हरियाणा में अकाली-भाजपा के अलग राह पकड़ने के सवाल पर हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि हरियाणा में तो पहले भी भाजपा से गठजोड़ नहीं था, जो अब भी नहीं है। ऐसे में अलग होने का सवाल ही पैदा नहीं होता है। उन्होंने कहा कि अकाली-भाजपा गठजोड़ मजबूत है और रहेगा।