पंचकूला। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की टीम ने बुधवार को एमडीसी स्थित गांधी कॉलोनी से 55 झुग्गियां हटाईं। इस दौरान वहां रहने वाले लोगों ने काफी हंगामा और टीम का विरोध किया। मगर पुलिस बल साथ होने के कारण टीम का अभियान लगातार जारी रहा। एचएसवीपी की टीम सुबह करीब 11 बजे गांधी कॉलोनी में पहुंची। वहां झुग्गियों को हटाने के लिए पहले से ही मुनादी कराई जा चुकी है। टीम ने जेसीबी की मदद से झुग्गियों को हटाना शुरू किया तो लोग एकजुट हो गए। लोग जेसीबी के सामने खड़े हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उनको वहां से हटाया। माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब वहां खड़े कुछ लोगों ने हाथों में पत्थर उठा लिए। इस पर वहां लोगों और प्रशासन के बीच टकराव का खतरा पैदा हो गया। इसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला और लोगों को समझाया कि प्रशासन अपनी कार्रवाई कर रहा है। अगर इसमें कोई रुकावट पैदा करेगा तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद वे लोग पीछे हट गए। करीब तीन घंटे तक चली कार्रवाई में एचएसवीपी की टीम ने करीब 55 झुग्गियां हटाई।
सेक्टर-6 की मार्केट से हटाया अतिक्रमण
इसके बाद टीम शहर के सेक्टर-6 की मार्केट में पहुंची। वहां दुकानों के सामने किए गए अतिक्रमण को हटाया। जो सामान दुकानों के बाहर रखा गया था उसको टीम ने कब्जे में ले लिया।