नगर निगम वर्षों पुरानी और कमजोर हो चुकी पाइप लाइन को बदलने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत सेक्टर-22 बी में करीब 50 साल पुरानी वाटर सप्लाई की पाइप को बदला जाएगा। अभी तक यह काम चुनाव आचार संहिता लागू होने की वजह से रुका हुआ था, लेकिन अब नगर निगम ने दोबारा इस पर काम शुरू कर दिया है।
वहीं इस काम के लिए निगम ने डीसी और चुनाव अधिकारी मोहम्मद शाइन को पत्र भेजकर अनुमति मांगी है। चुनाव आचार संहिता 16 मई तक है, लेकिन शहर में मतदान हो चुका है। इसलिए अब रुके हुए विकास कार्यों को चुनाव विभाग की मंजूरी के बाद शुरू करवाने की कोशिश की जा रही है।
सेक्टर-22 में पाइप लाइन करीब 50 साल पहले बिछाई गई थी और अब ये इतनी कमजोर हो चुकी हैं कि आए दिन लीक होती रहती हैं। जब कभी पाइप टूटती है तो फिर उसकी मरम्मत करना मुश्किल हो जाता है। स्थानीय लोग इस बारे में कई बार नगर निगम में शिकायत कर चुके हैं।
53.53 लाख रुपये से होगा काम
सेक्टर-22बी में पाइप लाइन बदलने का मुद्दा पार्षद प्रदीप छाबड़ा ने बीते वर्ष 19 दिसंबर की हाउस मीटिंग में उठाया था। मीटिंग में एजेंडा पास भी हो गया था, लेकिन चुनाव आचार संहिता के कारण यह काम लटक गया। अब इसे दोबारा शुरू करवाया जा रहा है। यह काम 53.53 लाख की लागत से होगा।
कोट
सेक्टर-22बी में पाइप लाइन बहुत पुरानी और कमजोर हो चुकी है। इसे बदलने के लिए अभी एक दिन पहले ही डीसी को पत्र लिखकर अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलने के बाद काम शुरू करवा दिया जाएगा।
- बीके धवन, एक्सईएन
पब्लिक हेल्थ विंग, नगर निगम