चंडीगढ़। डॉ. बीसी रॉय ट्रॉफी के लिए जूनियर नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप में भाग लेने वाली चंडीगढ़ फुटबॉल टीम की तैयारियों के लिए संभावित खिलाड़ियों का चयन किया जा रहा है। इसके लिए ट्रायल सेक्टर 46 फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित किए गए जिसमें कुल 175 खिलाड़ी पहुंचे।
ट्रायल के बाद कुल 50 खिलाड़ियों का चयन किया गया। ये पचास बच्चे अब कैंप में कोचों की निगरानी में तराशे जाएंगे। एसोसिएशन कैंप की तारीख की घोषणा जल्द करेगा।
ट्रायल की देखरेख चंडीगढ़ फुटबॉल एसोसिएशन की चयन समिति ने की, जिसमें डॉ. आईपी नागी, संजीव मारिया, अंकुर खन्ना, संदीप संधू, हरजीत सिंह शामिल थे। ट्रायल के दौरान सीएफए के अध्यक्ष केपी सिंह, उपाध्यक्ष विकास, आयोजन सचिव श्री आरसी भट्ट, प्रशासनिक अधिकारी राकेश बख्शी भी मौजूद थे।
लड़कियों के लिए ट्रायल आज से
लड़कियों के लिए जूनियर नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप में हिस्सा लेने वाली टीम के चयन के लिए ट्रायल शनिवार व रविवार को शाम 4 बजे से सेक्टर 46 स्थित स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में लिए जाएंगे। इन ट्रायल में वर्ष 2010 से लेकर 2011 वर्ष के बीच जन्मतिथि वाली लड़कियां हिस्सा ले सकती हैं।