लालड़ू। अंबाला-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर स्थित झरमड़ी बॉर्डर के निकट पुलिस ने ऑपरेशन सील-3 के तहत नाकाबंदी दौरान रोडवेज की बस में सवार एक व्यक्ति से 50 लाख रुपये की नकद राशि बरामद की। उक्त व्यक्ति नकद राशि संबंधी पुख्ता दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने आयकर विभाग की टीम को बुलाकर नकदी गिनवाकर मामले की जांच के लिए सौंप दी गई है जबकि नकदी पुलिस मालखाने में जमा की गई है। मामले की जांच जारी है।
एएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने बताया कि ऑपरेशन सील-3 के तहत पुलिस ने हरियाणा से पहले झरमड़ी इंटरस्टेट बॉर्डर पर नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान रोडवेज बस में सवार यूपी के मुजफ्फरनगर निवासी सलीम की तलाशी ली गई तो उसके पास से 50 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई। इस संबंधी वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। थाना प्रभारी अजितेश कौशल ने इनकम टैक्स विभाग के इंस्पेक्टर को मौके पर बुलाया और नकदी की जांच उन्हें सौंप दी। विभाग ने संबंधित नकद राशि के लिए सलीम को नोटिस जारी कर उसे कुछ दिनों के अंदर दस्तावेज सबूत पेश करने का समय दिया है। पुलिस ने बताया कि अगर वह सबूत पेश न कर सका तो विभाग उसके खिलाफ आईटी एक्ट के तहत बनती कार्रवाई करेगा जबकि बरामद नकद राशि फिलहाल पुलिस के मालखाने में जमा करा दी गई है।