चंडीगढ़। ट्राइसिटी में शुक्रवार को कोरोना से पांच मरीजों की मौत हो गई, जबकि 1002 नए संक्रमित मिले हैं। चंडीगढ़ में 287, मोहाली में 419 और पंचकूला में 296 नए मामले सामने आए। वहीं, मोहाली में चार और चंडीगढ़ में एक मरीज की जान चली गई। मोहाली में एक दिन में 419 मरीजों के मिलने का आंकड़ा अब तक का सबसे अधिक है। उधर, चंडीगढ़ में सक्रिय मरीजों की संख्या 3098, मोहाली में 3414 और पंचकूला में 1038 हो चुकी है।
चंडीगढ़ में खुड्डा अलीशेर निवासी 58 वर्षीय व्यक्ति की पीजीआई में मौत हो गई। वह कोरोना संक्रमित होने के साथ मधुमेह, उच्च रक्तचाप और किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित था। वहीं, एकांतवास में रखे 139 मरीजों को 10 दिन की अवधि पूरी हो जाने के बाद छुट्टी दे दी गई।
स्वास्थ्य विभाग ने 24 घंटे में 2102 लोगों की जांच की, जिनमें से 161 की रिपोर्ट अभी लंबित है। शहर में अब तक 381 लोगों की मौत हो चुकी है। शुक्रवार को संक्रमित मिले मरीजों में 169 पुरुष और 118 महिलाएं शामिल हैं। सबसे ज्यादा सेक्टर-22 से 13, सेक्टर-15, 19 व मनीमाजरा से 10-10, सेक्टर-43, 44, 20 व 9 से 9-9 मरीज मिले हैं।
मोहाली में अब तक 440 मौत, ट्राइसिटी में सबसे अधिक
मोहाली। जिले में कोरोना से अब तक 440 लोगों की मौत हो चुकी है। मौतों के मामले में मोहाली ट्राइसिटी में टॉप पर है। डीसी गिरीश दियालन ने बताया कि शुक्रवार को 419 संक्रमितों में 299 केस अकेले मोहाली शहर से आए हैं। डेराबस्सी में 13, ढकोली में 76, खरड़ में 23, कुराली में छह और लालडू में दो लोग संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा 298 लोगों ने कोरोना को मात देकर जिंदगी की जंग जीती है। अब तक कोरोना के कुल 27521 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 23667 लोग तंदुरुस्त हुए हैं, जबकि 3414 सक्रिय मामले हैं। जिला प्रशासन ने खांसी, जुकाम या बुखार होने पर हेल्पलाइन नंबर 104 पर संपर्क करने की सलाह दी है।
पिंजौर में सर्वाधिक 20 केस सामने आए
पंचकूला। जिले में कोरोना के 296 नए संक्रमितों में 183 पंचकूला के निवासी हैं, जबकि 113 संक्रमित अन्य जिलों व प्रदेशों के रहने वाले हैं। जिले में अब तक 154 मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं, रिकवरी रेट गिरकर 91.08 फीसदी पर जा पहुंचा है। पिंजौर में सर्वाधिक 20 संक्रमित सामने आए हैं। इसके अलावा कालका में 19, जबकि सेक्टर-10 में 14 लोग पॉजिटिव मिले हैं। सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने कहा कि रोजाना कोरोना जांच की संख्या बढ़ाकर 2500 कर दी गई है। जिला उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने बताया कि जिला स्वास्थ्य विभाग ने पंचकूला में अब तक कुल 219564 सैंपल लिए हैं। इसमें से अब तक 18019 संक्रमित मिले हैं। इसमें पंचकूला के 13371 मामले शामिल हैं। इनमें से अब तक 12179 संक्रमित ठीक हो चुके हैं। पंचकूला में कोरोना संक्रमण के 1038 मामले बचे हैं।