चंडीगढ़। ड्रा में किराए का फ्लैट पाने वालों को चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) शुक्रवार को आवंटन पत्र जारी करेगा। इसके लिए सीएचबी ने सेक्टर-52 और सेक्टर-56 की टीन शेड कॉलोनी में रहने वाले लोगों को अलग-अलग समय पर बुलाया है। इसके बाद एक दिसंबर को इन 448 परिवारों को मकान की चाबी देने की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए सीएचबी ने अनुसूची जारी कर दी है।
सेक्टर-52 और 56 के 448 परिवारों को मलोया में फ्लैट देने के लिए बुधवार को कंप्यूटराइज्ड ड्रा निकाला गया था। कोरोना को देखते हुए सीएचबी ने आवंटन पत्र देने के लिए सेक्टर-56 के सभी लोगों को शुक्रवार सुबह 9.30 बजे बुलाया गया है जबकि सेक्टर-52 के मकान नंबर 367 से 500 तक के लोगों को सुबह 10:30, 501 से 650 तक को 11.30 बजे, 651 से 757 मकान नंबर में रहने वाले लोगों को 12:30 बजे बुलाया गया है। आवंटन पत्र देने के बाद सभी 448 परिवारों को मकान की चाबी देने का काम एक दिसंबर से शुरू किया जाएगा। इसके लिए हाउसिंग बोर्ड ने मलोया के मकान नंबर-2219 और 2220 में पजेशन ऑफिस बनाया है।