फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: लकी ड्रॉ से 44 वकीलों को मिलेगा डीएलएसए पैनल में मौका

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन

चंडीगढ़। जिला अदालत में प्रैक्टिस कर रहे अधिवक्ताओं के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के पैनल में शामिल होने का रास्ता खुल गया है। तीन से 24 साल तक की एनरोलमेंट वाले 44 अधिवक्ताओं का चयन लकी ड्रॉ से किया जाएगा। स्टेट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी के कार्यकारी चेयरपर्सन न्यायमूर्ति अनूप चितकारा ने डीएलएसए, चंडीगढ़ के पैनल में अधिवक्ताओं को शामिल करने की योजना और चयन प्रक्रिया को मंजूरी दे दी है।
खास बात यह है कि चयन प्रक्रिया में अनुभव के साथ महिला अधिवक्ताओं को समान प्रतिनिधित्व दिया गया है। तीन से 24 साल की पूरी हो चुकी एनरोलमेंट अवधि के आधार पर अधिवक्ताओं को 22 अनुभव वर्गों में बांटा गया है। प्रत्येक वर्ग से एक महिला और एक पुरुष या अन्य श्रेणी के अधिवक्ता का चयन होगा। इस तरह प्रत्येक वर्ग से दो और कुल 44 अधिवक्ता पैनल में शामिल किए जाएंगे।
विज्ञापन

सुबह नौ बजे से शुरू होगा ड्रॉ, दोपहर एक बजे तक पर्चियां
डीएलएसए की तय प्रक्रिया के अनुसार 25 सितंबर को सुबह नौ बजे जिला बार एसोसिएशन (डीबीए) के बार रूम में लकी ड्रॉ शुरू होगा। पात्र अधिवक्ताओं को निर्धारित पर्ची संबंधित बैलेट बॉक्स में डालनी होगी। पर्चियां जमा करने की अंतिम समय सीमा दोपहर एक बजे तक रहेगी। इसके बाद सभी बैलेट बॉक्स के पर्ची डालने वाले स्थान को सील कर दिया जाएगा। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कुल 44 बैलेट बॉक्स रखे जाएंगे। प्रत्येक अनुभव वर्ग और महिला-पुरुष या अन्य श्रेणी के लिए अलग बॉक्स होगा। पूरी प्रक्रिया जिला एवं सत्र न्यायाधीश, चंडीगढ़-कम-चेयरपर्सन, डीएलएसए की देखरेख में होगी।
पहले 24 साल वाले, अंत में तीन साल वाले वर्ग की बारी
ड्रॉ में सबसे पहले ग्रुप-24 महिला और फिर ग्रुप-24 पुरुष के बॉक्स खोले जाएंगे। इसके बाद अनुभव के घटते क्रम में बॉक्स खोले जाएंगे। सबसे अंत में ग्रुप-3 पुरुष के बॉक्स से नाम निकाला जाएगा। हर बॉक्स खोलने से पहले पर्चियों को अच्छी तरह मिलाया जाएगा। इसके बाद डीएलएसए चेयरपर्सन की ओर से तय निष्पक्ष व्यक्ति एक पर्ची निकालेगा। पर्ची पर दर्ज अधिवक्ता का नाम मौके पर सार्वजनिक किया जाएगा। चयनित नाम पर डीएलएसए सचिव और मौजूद डीबीए कार्यकारिणी सदस्य हस्ताक्षर करेंगे।
विज्ञापन

एक साल रहेगा पैनल, जरूरतमंदों को मिलेगी कानूनी मदद
योजना के मुताबिक डीबीए चंडीगढ़ में तीन साल की एनरोलमेंट पूरी कर चुके और 25 साल पूरे नहीं करने वाले अधिवक्ता आवेदन कर सकेंगे। चयनित अधिवक्ताओं का डीएलएसए के साथ पैनल एक साल के लिए रहेगा। यह फैसला न्यायमूर्ति अनूप चितकारा की अध्यक्षता में डीबीए चंडीगढ़ की कार्यकारिणी के साथ हुई बैठक में लिया गया। बैठक में डीबीए अध्यक्ष एएस गुजराल, उपाध्यक्ष अभय जोशी, सचिव तेजविंदर सिंह गिल, संयुक्त सचिव पुष्पिंदर एस. चौहान और कोषाध्यक्ष प्रतीक गर्ग मौजूद रहे। डीएलएसए पैनल में शामिल अधिवक्ताओं को जरूरतमंद पक्षकारों को कानूनी सहायता देने का अवसर मिलेगा। साथ ही जिला अदालत में प्रैक्टिस कर रहे अपेक्षाकृत युवा अधिवक्ताओं को विधिक सेवा के काम से जोड़ने का रास्ता भी खुलेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें