सेक्टर-10 स्थित गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बच्चों के लिए बुधवार का दिन काफी खास रहा।
बच्चों के लिए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पूरे जीवन को 43 फुट की पेंटिंग में पेश किया गया। समाजसेवी संस्था युवसत्ता और अमर उजाला के सहयोग से कौमी एकता सप्ताह के तहत दूसरे दिन कार्यक्रम आयोजन किया।
स्कूल ऑडिटोरियम में जयपुर निवासी प्रोफेसर ओपी जोशी की पेंटिंग प्रदर्शित की गई। कार्यक्रम का संचालन युवसत्ता के संयोजक प्रमोद शर्मा ने किया।
इस अवसर पर प्रिंसिपल इंद्रा बेनीवाल और 250 के करीब विभिन्न कक्षाओं के बच्चे उपस्थित थे।
एक साल में तैयार की पेंटिंग
राजस्थान यूनिवर्सिटी में सोशियोलॉजी के प्रोफेसर एमिरेट्स 74 वर्षीय ओपी जोशी बचपन ने बताया कि उन्हें इस पेंटिंग को तैयार करने में एक साल का समय लगा।
इस पर 50 हजार से अधिक खर्च आया। जोशी के अनुसार पूरी पेंटिंग को रात के समय ही तैयार किया गया है।
उनका मानना है कि बच्चे किताबें पढ़ने में अधिक रुचि नहीं लेते। खास पेंटिंग के माध्यम से बच्चों को राष्ट्रपिता के जीवन के बारे जल्द जानकारी मिल जाती है। 15 से अधिक किताबें लिख चुके प्रो. जोशी ने बताया कि उनकी एक किताब ‘गॉड ऑफ हेवेन एंड होम ऑफ गॉड’ को 10 साल के लिए लंदन यूनिवर्सिटी के सिलेबस में शामिल किया गया है।
उन्होंने सोशियोलॉजी ऑफ रिलीजन पर भी किताब लिखी है। उसका विमोचन 1994 में देश के पूर्व राष्ट्रपति शंकर दयाल शर्मा ने किया था। जोशी ने बताया कि उनके निर्देशन में दो विदेशी छात्र जैन रिलीजन और एजुकेशन मैथलॉजी पर शोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता और कठिन समय में पत्नी विजय लक्ष्मी ने हर कदम पर उनका साथ दिया। वे भी बुधवार को प्रो. जोशी के साथ सेक्टर-10 गवर्नमेंट स्कूल में पहुंची थीं।
बच्चों ने पोस्टकार्ड पर लिखे संदेश
प्रमोद शर्मा ने बताया कि सरहद पर फौजियों के सम्मान और हौसला अफजाई के लिए 25 हजार पोस्ट कार्ड पर स्कूली बच्चों से कमेंट और स्लोगन लिखवाए जाएंगे। बुधवार को सेक्टर-10 गवर्नमेंट स्कूल में भी यह पोस्टकार्ड बच्चों को दिए गए। हफ्ते भर में इन्हें इकट्ठा कर सरहद पर भेजा जाएगा।
कार्यक्रम में बच्चों के लिए खास गांधी क्विज भी हुई। इसमें बच्चों से गांधी के जीवन से जुड़े सवाल पूछे गए। विजेताओं को बापू की जीवनी पुरस्कार के तौर पर बांटी गई। वीरवार को सेक्टर-45 बी स्थित सेंट स्टीफन स्कूल में दोपहर 12:30 बजे कौमी एकता सप्ताह के तहत कार्यक्रम होगा।