चंडीगढ़। स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीकाकरण के लिए शुरू मुफ्त वाहन सेवा का पहले दिन वीरवार को 40 बुजुर्गों ने लाभ उठाया। 60 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्ग व 45 साल से ज्यादा उम्र के गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लाभार्थियों को सरकारी डिस्पेंसरी व अस्पताल में बनाए गए केंद्र पर पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने यह सेवा शुरू की है। स्वास्थ्य निदेशक डॉ. अमनदीप कंग ने बताया कि दोनों वर्ग के लाभार्थियों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए यह सुविधा शुरू की गई है। हेल्पलाइन व टोल फ्री नंबर पर कॉल कर इस सुविधा का लाभ उठाया जा सकता है। एक एंबुलेंस का संचालन किया जा रहा है।
जानकारी के अभाव में पहले दिन हेल्पलाइन नंबर पर बुजुर्ग व बीमार व्यक्तियों से ज्यादा सामान्य वर्ग के लोगों की कॉल आई। डॉ. कंग का कहना है कि टीकाकरण अभियान की सफलता के लिए यह सुविधा शुरू की गई है। इसमें जनता का सहयोग जरूरी है ताकि जिनके लिए यह सुविधा शुरू की गई है, उन्हें इसका पूरा लाभ मिल सके। इस सुविधा के अंतर्गत टीकाकरण केंद्र पर लाने और टीका लगवाने के बाद घर छोड़ने की सुविधा दी जा रही है।
हेल्पलाइन नंबर
9779558282
0172- 2752038
0172- 2720105
0172- 2728703
55 केंद्रों पर 3548 लाभार्थियों ने लगवाया टीका
कोरोना टीकाकरण अभियान के अंतर्गत वीरवार को शहर के 55 केंद्रों पर 3548 लाभार्थियों ने टीका लगवाया। 45 साल से ज्यादा उम्र के 1773 लाभार्थियों ने टीके की पहली खुराक लगवाई। शहर में अब तक 105240 लाभार्थियों को टीका लगाया जा चुका है। टीकाकरण अभियान के अंतर्गत बुधवार को 195 स्वास्थ्य कर्मियों को पहली व 116 को दूसरी खुराक लगाई गई। अग्रिम पंक्ति के 53 कर्मचारियों को पहली व 342 को दूसरी खुराक लगाई गई। 45 से 60 साल के बीच के 1773 लाभार्थियों ने पहली खुराक लगवाई। वहीं, 45 से 60 साल के बीच के गंभीर रूप से बीमार 30 लाभार्थियों को दूसरी खुराक लगाई गई, जबकि 60 साल से ऊपर के 803 लाभार्थियों ने पहली व 236 ने दूसरी खुराक लगवाई।