पिंजौर शहर की ग्रीन वैली कालोनी में निर्माणाधीन मकान में निर्मित भूमिगत पानी के टैंक में डूबने से चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। किराए के मकान में रहने वाले मृतक बच्ची के माता पिता घटना के समय मजदूरी करने गए थे।
मृतक बच्ची की करीब 11 वर्षीय बहन सुमन ने बताया कि वे शाम को घर में खेल रहे थे। अचानक उसकी चार साल की छोटी बहन श्री देवी खेलते खेलते गायब हो गई।
कुछ देर बाद उसने देखा कि वह पानी के टैंक में डूब गई है। उसने किसी तरह उसे कपड़ों से पकड़ कर बाहर निकाला और फोन कर माता-पिता को इसकी सूचना दी।
मृतक की बहन सुमन ने बताया कि टैंक के ऊपर रखी लकड़ी गल गई थी। जब श्री देवी का पैर उस गली हुई लकड़ी पर पड़ा तो लकड़ी टूट गई, जिससे उसकी बहन टैंक में गिर गई। घटना की सूचना पर तत्काल बच्ची के माता-पिता काम से कमरे पर पहुंचे। वह बच्ची को कालका सिविल अस्पताल ले गए।
जहां डाक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस जांच अधिकारी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि बच्ची की पानी के टैंक में डूबने से मौत हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।