चंडीगढ़। मोहाली की ईको सिटी में 200 वर्ग गज का प्लॉट बेचने के नाम पर चार लोगों ने अंबाला की एक महिला से 37.05 लाख रुपये ठग लिए। महिला के बयानों पर सेक्टर-17 थाना पुलिस ने सेक्टर-17 के एससीओ नंबर-73-74-75 स्थित देव एसोसिएट्स के नयागांव निवासी विकास कुमार, सेक्टर-23 निवासी विपिन गर्ग, केदारनाथ व अन्य के खिलाफ आईपीसी की धारा- 420 के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता शालू ने बताया कि वह अंबाला के वशिष्ट नगर की रहने वाली है। मोहाली फेज-1 में वह प्लॉट देख रही थी कि उक्त लोगों ने उसे ईको सिटी में 200 वर्ग गज का एक प्लॉट नंबर-819 दिखाया। पूरी बात होने के बाद आरोपियों ने शालू से 37.05 लाख रुपये भी ले लिए, लेकिन रजिस्ट्री नहीं करवाई। जब शालू ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी टाल-मटोल करने लगे। इसके चलते उन्होंने पुलिस को शिकायत दी।