चंडीगढ़। स्टॉक ट्रेडिंग में निवेश का झांसा देकर एक के बाद एक ठगी का मामला सामने आ रहा है। एक सप्ताह में चार लोगों को शातिरों ने अपना शिकार बनाया है। शुक्रवार को सामने आए चौथे मामले में शहर के सेक्टर-49 के रहने वाले 68 साल के सुरिंदर कुमार ठाकुर के साथ 3 करोड़ 66 लाख 25 हजार रुपये की ठगी की गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने साइबर थाने में अज्ञात के खिलाफ आईपीसी एक्ट 419, 420, 467, 468, 471, 509, 120-बी के तहत केस दर्ज किया है।एसएसपी को दी गई शिकायत में सुरिंदर कुमार ने बताया कि फरवरी 2024 में एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप मैसेज आया। इसके बाद एक युवती ने फोन कर बातचीत करनी शुरू कर दी। इसी बीच शातिरों ने स्टॉक ट्रेडिंग में पैसे निवेश कर दोगुना लाभ का लालच दिया। शिकायतकर्ता उनकी बातों में फंस गया। शातिर ठगों ने व्हाट्सएप पर मैसेज कर स्टॉक ट्रेडिंग से संबंधित ग्रुप में जोड़ने के लिए रिक्वेस्ट भेजा और पीड़ित उनके व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ गया। इसके बाद उन्हें ग्रुप के जरिए पैसे निवेश करने के लिए लिंक भेजा गया।
शिकायतकर्ता ने 16 फरवरी से 25 मार्च 2024 के बीच फोन करने वालों को महज सवा महीने में ही अलग-अलग किस्तों में करीब तीन करोड़ 66 लाख 25 हजार रुपये जमा करवा दिए। बकायदा इस दौरान शिकायतकर्ता ने बीच में ठगों को फोन कर अपने पैसे निकलवाने के लिए भी कहा तो उन्होंने जवाब दिया कि वह ब्याज सहित उनके पैसे वापस अकाउंट में ही क्रेडिट करवाएंगे लेकिन पैसे अभी नहीं निकल सकते हैं क्योंकि उनके सारे पैसे मार्केट में लगे हुए हैं। इसके बाद सुरिंदर कुमार को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला। पुलिस को दी गई शिकायत के आधार पर साइबर थाने में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
जांच टीम ने खातों को खंगालना शुरू किया
पुलिस ने करोड़ों की ठगी से जुड़े मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच के लिए विशेष टीम गठित कर दी है। जांच टीम ने प्रांरभिक जांच के दौरान ही जिन खातों में पैसे ट्रांसफर हुए हैं, उनकी डिटेल खंगालनी शुरू कर दी है। इसके अलावा आरोपियों की ओर से जिन नंबरों से फोन किया गया था, उनकी साइबर सेल की मदद से कॉल डिटेल व मौजूदा कॉल लोकेशन भी खंगाली जा रही है।
बिहार का ग्रुप किया जा चुका है गिरफ्तार
बता दें कि कुछ दिन पहले ठगों ने ऑनलाइन तरीके से शहर निवासी एक व्यक्ति से करीब 19 लाख रुपये ठग लिए थे। इस मामले में साइबर थाने में केस दर्ज किया गया था। विशेष जांच टीम ने जब कॉल डिटेल व लोकेशन निकाली तो आरोपी बिहार के निकले। इसके बाद जांच टीम ने बिहार में आरोपियों की करंट लोकेशन के मुताबिक छापाम मारकर एक कमरे में से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। बंद कमरे से फर्जी कॉल सेंटर चलाकर लोगों को ठगा जा रहा था। इन आरोपियों से करीब 46 मोबाइल फोन, 6 सिम कार्ड व अन्य सामान बरामद किया था। इसके अलावा एक अन्य शिकायत साइबर थाने में दर्ज की गई है।
शेयर ट्रेडिंग कंपनी के नाम पर लगाया 18 लाख का चूना
इस मामले से चार दिन पहले भी यूके की मेसर्स मार्टिन सहित कई अन्य प्रतिष्ठित कंपनियों में शेयर ट्रेडिंग के जरिए पैसा निवेश करने के नाम पर सेक्टर-21डी व्यक्ति को करीब 18 लाख रुपये का चूना लगाने का मामला सामने आया था। इस मामले में भी साइबर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आईपीसी एक्ट 419, 420, 467, 468, 471, 509, 120-बी दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता भरविंद्र सिंह मान के मुताबिक उन्हें प्रतिष्ठित शेयर ट्रेडिंग कंपनियों में मेसर्स एलकेपी सिक्योरिटीज लिमिटेड और यूके की मेसर्स मार्टिन करी के संदर्भ में एक व्हाट्सएप समूह में ज्वाइन करने का मैसेज आया था। ग्रुप ज्वाइन करने के बाद उन्होंने लगभग 18 लाख रुपये अलग-अलग किस्तों में जमा करवा दिए गए लेकिन बाद में जब वह पैसे निकलवाने लगे तो शिकायतकर्ता को राशि निकालने की अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।