चंडीगढ़। शहर में शनिवार को कोरोना के 36 संदिग्ध मरीजों के जांच के नमूने लिए गए। ये संदिग्ध सभी उन पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आए लोग हैं जिन्हें शुक्रवार को कोरोना की पुष्टि के बाद पीजीआई में भर्ती किया गया था। इसमें सेक्टर-30 और धनास के संदिग्धों को क्वारंटीन करके उनके सैंप जांच के लिए पीजीआई भेजे गए हैं। शुक्रवार को दो पॉजिटिव मरीजों के मिलने के बाद चंडीगढ़ में कुल कोरोना पॉजिटिव की संख्या 23 हो गई है। इनमें से 11 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। काफी दिनों बाद अचानक दो मरीजों में कोरोना की पुष्टि होने से स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। एहतियात के तौर पर सोशल डिस्टेंसिंग और अन्य मानकों को और कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया गया है। चंडीगढ़ में अब तक कोरोना के 394 संदिग्ध मामले आ चुके हैं। जिसमें से 348 की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। वही पीजीआई में अभी 13 मरीज भर्ती हैं। इनमें से तीन मरीजों की स्थिति बेहतर बताई जा रही है।