-तीन स्थानों पर बनने वाली टेंट सिटी पर खर्च होंगे 21 करोड़ रुपये
-
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आनंदपुर साहिब में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के दौरान श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए टेंट सिटी का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने बताया कि यह टेंट सिटी तीन स्थानों अगमपुर, पीएसपीसीएल ग्राउंड मटौर और झिंझड़ी में स्थापित की जा रही है।
पर्यटन एवं सांस्कृतिक विभाग की ओर से टेंट सिटी की स्थापना पर लगभग 21.52 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस टेंट सिटी में रोजाना 10 से 12 हजार श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था होगी। यहां श्रद्धालुओं को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। टेंट सिटी 19 नवंबर से 30 नवंबर तक संचालित रहेगी। उन्होंने बताया कि टेंट की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी जिसकी जानकारी शीघ्र सार्वजनिक की जाएगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया है कि टेंट सिटी तक पहुंचने वाली सड़कों का नवीनीकरण कार्य भी पूरा किया जाए। सौंद ने बताया कि इन आयोजनों की सफलता और सुचारू रूप से प्रबंधन के लिए पर्यटन एवं सांस्कृतिक विभाग को नोडल विभाग नियुक्त किया गया है और इस दिशा में विभाग पूरी निष्ठा और समन्वय के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे इन पवित्र आयोजनों में उत्साहपूर्वक भाग लें।