हेलीकॉप्टर राइड का लुत्फ उठाते लोग
- फोटो : अमर उजाला
रोज फेस्टिवल के पहले दिन 350 लोगों ने हवाई सफर का लुत्फ उठाया। 1 मार्च तक चलने वाले रोज फेस्टिवल के पहले दिन लोगों को 1700 रुपये में 6 से 8 मिनट की हेलिकॉप्टर की राइड दी गई। दोनों हेलिकॉप्टर सेक्टर-17 के परेड ग्राउंड से दिनभर उड़ान भरते रहे। पूरी राइड में लोगों को सेक्टर-17, लेजरवैली, रोज गार्डन, कैपिटल कांप्लेक्स, सुखना लेक दिखाई गई। शुक्रवार को हेलिकॉप्टरों ने करीब 40 चक्कर लगाए।
हेलिकॉप्टर राइड के लिए बठिंडा की कंपनी एम्यूजमेंट पार्क फोर ढिल्लन एविएशन प्राइवेट लिमिटेड को टेंडर दिया गया है। कंपनी निगम को आठ प्रतिशत बेसिक प्राइज का भुगतान करेगी, जिसमें 18 प्रतिशत जीएसटी भी शामिल है। इसमें प्रति व्यक्ति का एक करोड़ रुपये का इंश्योरेंस भी होगा। हेलिकॉप्टर 28 फरवरी से 1 मार्च तक सुबह 9 से शाम 6 बजे तक उड़ेगा। एक बार में चार से पांच लोग बैठ सकेंगे।
48वें रोज फेस्टिवल पर निगम 66.62 लाख रुपये खर्च कर रहा है। हेलिकॉप्टर के लिए तीन कंपनियों ने आवेदन किया था, जिसमें एसएआर एविएशन, हेरिटेज और एम्यूजमेंट पार्क फोर ढिल्लन एविएशन प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं।