फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

35 नवनिर्वाचित पार्षदों ने ली शपथ, मास्क नहीं पहना तो डीसी ने टोका

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। नगर निगम चुनाव में नवनिर्वाचित सभी 35 पार्षदों को डीसी विनय प्रताप सिंह ने शनिवार को शपथ दिलाई और मिलकर काम करने का आग्रह किया। सेक्टर-17 स्थित नगर निगम कार्यालय के सदन में 17 पार्षदों ने हिंदी, 13 पार्षदों ने पंजाबी और पांच ने अंग्रेजी में शपथ ली। बता दें कि इस बार सदन में आम आदमी पार्टी के 14, भाजपा के 12, कांग्रेस के 8 और अकाली दल का एक पार्षद चुनकर आया है।
विज्ञापन

सुबह करीब 11.30 बजे शुरू हुए शपथ ग्रहण समारोह के दौरान अधिकतर पार्षदों ने मास्क नहीं पहन रखा था। इस पर डीसी ने सभी पार्षदों को कोविड प्रोटोकॉल के नियमों की याद दिलाई और मास्क पहनने की हिदायत दी। इसके बाद सभी नवनिवार्चित पार्षदों ने मास्क पहन लिए। सबसे पहले वार्ड नंबर-एक से आम आदमी पार्टी (आप) की पार्षद जसविंदर कौर ने पंजाबी में शपथ ली। वहीं, वार्ड नंबर-10 की कांग्रेसी पार्षद हरप्रीत कौर बबला ने अंग्रेजी में शपथ ली। वार्ड नंबर-12 से सौरभ जोशी ने हिंदी में शपथ ली। कांग्रेस पार्षद गुरबक्श रावत ने भी अंग्रेजी में शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह के बाद डीसी विनय प्रताप सिंह ने सभी पार्षदों को बधाई दी और कहा कि सभी पार्षद जन कल्याण के काम में जुट जाएं और प्रशासन के साथ एकजुट होकर लोगों की समस्याएं हल करवाएं। निगम सदन के माध्यम से अपने-अपने इलाकों की समस्याएं उठाएं, ताकि समय रहते उनका निवारण किया जा सके। उन्होंने कहा कि नव वर्ष के पहले ही दिन उन्होंने शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत की और आगे पार्षदों के सहयोग से समय-समय पर निगम में कार्यक्रमों का आयोजन करते रहेंगे।
आप पार्षद को डीसी ने बीच में टोका
शपथ लेते वक्त एक पार्षद को डीसी ने बीच में टोक दिया। वार्ड नंबर-26 से आप पार्षद कुलदीप कुमार को बीच में यह कहकर डीसी ने रोका कि जो शपथ पत्र में लिखा गया है, उसके अनुसार ही शपथ लें। पार्षद ने भगवान वाल्मीकि का नाम लिया, जिस पर डीसी ने कहा कि शपथ पत्र में लिखे शब्दों को नहीं पढ़ा तो शपथ अधूरा माना जाएगा। इसके बाद उन्होंने पेपर पर लिखे शब्दों को ही बोलकर शपथ ली। इसी तरह वार्ड नंबर-29 से आप पार्षद मुनव्वर शपथ पत्र को देखकर पढ़ नहीं पा रहे थे। इसके बाद डीसी ने खुद साथ में शपथ पढ़कर उनकी शपथ पूरी कराई। शपथ ग्रहण समारोह के साथ ही अब मेयर चुनाव के लिए सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मेयर चुनाव को लेकर जल्द ही प्रशासन की ओर से नोटिफिकेशन जारी की जा सकती है।
विज्ञापन

35 में से 28 पार्षद पहली बार पहुंचे सदन
नगर निगम के सदन में जीतकर आए अधिकतर पार्षद नए हैं। आम आदमी पार्टी के सभी पार्षद पहली बार सदन में पहुंचे हैं। इसी तरह कांग्रेस से गुरबक्श रावत और देवेंद्र सिंह बबला की पत्नी हरप्रीत कौर बबला के अलावा अन्य छह पार्षद नए हैं। इसी तरह भाजपा से महेश इंदर सिंह सिद्धू, कंवरजीत सिंह राणा और दिलीप शर्मा पिछले सदन का हिस्सा थे। वहीं, सौरभ जोशी वर्ष 2011-16 के बाद से फिर से सदन में बतौर पार्षद जीत कर आए हैं। इनको छोड़कर बाकी भाजपा के पार्षद भी पहली बार सदन में आए हैं। वहीं, अकाली दल के एकमात्र पार्षद हरदीप सिंह भी पिछली सदन के हिस्सा रह चुके हैं।
शपथ ग्रहण समारोह को देखने पहुंचे तीनों पार्टियों के प्रदेश अध्यक्ष
शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चावला और आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक प्रेम गर्ग आदि मौजूद थे, जबकि सदन की एक्स-ऑफिशियो मेंबर सांसद किरण खेर ने समारोह में हिस्सा नहीं लिया। दर्शक दीर्घा में सभी पार्टियों के नेता मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें