चंडीगढ़। लॉकडाउन की वजह से बीते महीने से चंडीगढ़ में फंसे हिमाचल प्रदेश के सैकड़ों विद्यार्थियों ने रविवार को राहत की सांस ली। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के आग्रह पर प्रशासन ने ऐसे विद्यार्थियों को घर भेजने पर सहमति जताई।
इन विद्यार्थियों को लेने के लिए रविवार सुबह ही हिमाचल पथ परिवहन निगम की कई बसें सेक्टर-28 स्थित हिमाचल भवन पहुंच गईं। जहां से 336 विद्यार्थी अपने-अपने घर के लिए रवाना हुए। चंडीगढ़ प्रशासन से बातचीत के बाद हिमाचल सरकार की ओर से एक संदेश जारी कर चंडीगढ़ में फंसे सभी विद्यार्थियों को रविवार सुबह 10 से एक बजे के बीच सेक्टर 28 बी स्थित हिमाचल भवन पहुंचने की अपील की थी।
रविवार सुबह 8 बजे से ही विद्यार्थियों का जमावड़ा शुरू हो गया था। बसों में बिठाने से पहले उनकी हेल्थ स्क्रीनिंग की गई और बसों में सोशल डिस्टेंसिंग का भी ख्याल रखा गया।
भेजना था विद्यार्थियों को, अन्य लोग भी पहुंचे
हिमाचल सरकार की तरफ से सिर्फ विद्यार्थियों को ही हिमाचल भवन में एकत्रित होने के लिए कहा गया था लेकिन रविवार को हिमाचल के विभिन्न राज्यों खासतौर पर सोलन में काम करने वाले कर्मचारी भी पहुंच गए और घर पहुंचाने की मांग करने लगे। हालांकि हिमाचल भवन के बाहर खड़े सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोका और वापस भेज दिया। ऐसे लोगों को कहा गया कि अभी बसों में सिर्फ विद्यार्थियों को ही ले जाया जाएगा।