चंडीगढ़। डड्डूमाजरा के डंपिंग ग्राउंड से नॉन-बायोडिग्रेडेबल कचरा हटाने का काम दूसरे दिन वीरवार को भी जारी रहा। दूसरे दिन 675 कर्मचारी काम में जुटे। इनमें एमओएच के 175 कर्मचारी और नगर निगम के इंजीनियरिंग विंग के 500 कर्मचारी कचरा हटाने में लगे हैं।
यह अभियान पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए चलाया जा रहा है। अभियान 23 मई तक लगातार चलेगा। इसके बाद भी यह जारी रहेगा। इसे ट्रायल के रूप में किया जा रहा है। हर रोज एक एकड़ क्षेत्र से कचरा हटाया जा रहा है। डंपिंग ग्राउंड 45 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है।
एमओएच के कर्मचारी सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक और इंजीनियरिंग विंग के कर्मचारी सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक काम कर रहे हैं।
नगर निगम के चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा काम की निगरानी के लिए डंपिंग ग्राउंड पहुंचे। संजय अरोड़ा ने बताया कि वीरवार को 35 ट्रकों में 31 टन कचरा हटाया गया। डंपिंग ग्राउंड में मिट्टी भी डाली जा रही है। नगर निगम के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, एसडीई, सफाई मित्र तथा पब्लिक हेल्थ विंग, हॉर्टिकल्चर विंग, सेनिटेशन विभाग और बी एंड आर विंग के कर्मचारी अभियान में शामिल रहे।
उन्होंने बताया डंपिंग साइट से अलग किए गए प्लास्टिक, रबर और अन्य सूखे कचरे को ड्राई वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट में भेजा गया। प्लांट में उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा, ताकि पर्यावरण को नुकसान न पहुंचे। कर्मचारियों के लिए छबील और पीने के पानी की व्यापक व्यवस्था की गई। टॉयलेट की भी व्यवस्था की गई है।