सेक्टर-10 स्थित ऑर्ट कॉलेज के सामने एक्टिवा सवार 2 सगी बहनों से छेड़छाड़ के मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को बचाने के लिए पंजाब के एक नेता ने सेक्टर-3 की एसएचओ को कॉल कर उनकी पैरवी की। नेता ने एसएचओ से कहा कि तीनों लड़के उनके खास जानकार हैं और इसलिए उन्हें छोड़ दिया जाए। इस पर एसएचओ पूनम दिलावरी ने बनती कार्रवाई का सीधा सा जवाब देकर फोन काट दिया।
वहीं आरोपियों से वारदात में प्रयोग की गई एक्सयूवी गाड़ी से संबंधित कोई भी रिकार्ड नहीं प्राप्त हुआ है। इसी आधार पर पुलिस ने कोर्ट में रिमांड के लिए 2 दलीलें पेश की। पहली गाड़ी के असली मालिक की जांच और दूसरी आरोपियों का पुराना रिकार्ड। अदालत ने तीनों आरोपियों को एक दिन के रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस कस्टडी में ही आपस में उलझे आरोपी
सेक्टर-3 थाना प्रभारी पूनम दिलावरी ने बताया कि तीनों आरोपी फिरोजपुर निवासी प्रभजोत, अनमोल और चंडीगढ़ के सेक्टर-37 निवासी सुखबीर बार-बार सवालों के जवाब पर मुकर रहे थे। पुलिस कस्टडी में ही वे आपस में कहासुनी और हाथापाई पर उतर आए। फिर पुलिस ने उन्हें शांत करवाया।