पत्रकारों को जानकारी देते हुए डीआईजी मधूसूदन शर्मा ।
धुंध का फायदा उठाकर पाक तस्कर भारत में बीते तीनों दिनों से नशीले पदार्थ सप्लाई करने का प्रयास कर रहे हैं। बीएसएफ की बटालियन-दो ने शनिवार रात कोे बीएसएफ की पोस्ट नौ बहराम समीप फेंसिंग के पास से हेरोइन, अफीम, पाक करेंसी और आई कार्ड बरामद किया है।
फलियां वाला बीएसएफ सेक्टर में आयोजित पत्रकारवार्ता में अबोहर बीएसएफ सेक्टर के डीआईजी मधु सूदन शर्मा ने बताया कि गश्त कर रहे जवानों को बीएसएफ पोस्ट नौ बहराम के पास फेंसिंग के पार एक थैली बरामद हुई। इसमें से एक ग्राम अफीम, एक माला, पाकिस्तानी आईकार्ड, 630 रुपये की पाक करेंसी, विजिटिंग कार्ड और एक डायरी बरामद हुई है। इसके बाद बीएसएफ ने घटनास्थल पर सर्च अभियान शुरू किया।
इस दौरान बीएसएफ को खेत में दबी हुई तीन किलो 70 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। डीआईजी ने कहा कि सरहद पर हेरोइन की डिलीवरी देने आए किसी पाक तस्कर की थैली घटनास्थल पर गिर गई। इस मामले की जांच की जा रही है कि सीमांत क्षेत्र के किस व्यक्ति को पाक तस्कर हेरोइन की सप्लाई देने आए थे। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले ही जोधे वाला और टाहलीवाला से बीएसएफ की 169वीं बटालियन को भारतीय क्षेत्र में फेंकी गई चार किलो हेरोइन बरामद की है। इस दौरान बटालियन-दो के कमांडेंट एचपीएस सोई, एके सिंह, आरके. डांगर व अन्य जवान मौजूद थे।