आश्रम से लड़कियां गायब होने की खबर मीडिया में आने के बाद राज्य बाल सरंक्षण अधिकार आयोग की चेयरपर्सन ज्योति बेंदा ने मंगलवार को आश्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने लड़कियों से बातचीत कर आश्रम छोड़कर जाने का कारण भी पूछा। चेयरपर्सन ने कहा कि आश्रम में सुरक्षा प्रबंध मजबूत किया जाए।
अनाथ आश्रम की तीन लड़कियां सोमवार की सुबह गायब हो गई थीं। दोपहर बाद लड़कियां सिरसा में एक पार्क में बरामद हुई थी। उन्होंने लड़कियों से पूछा कि अगर उन्हें आश्रम में किसी तरह की दिक्कत हो तो बताओ। लड़कियों ने किसी तरह की परेशानी होने से इंकार कर दिया। इन लड़कियों ने बताया कि वह अपने पति से मिलना चाहती थीं। इस कारण आश्रम छोड़कर निकली थीं। तीन में से दो नाबालिग लड़कियों ने शादी की हुई है।
नाबालिग होने के कारण अदालत के निर्देश पर लड़कियों को आश्रम में भेजा हुआ है। चेयरपर्सन ज्योति बैंदा ने कहा कि आश्रम में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जाएं। भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा नहीं होनी चाहिए। अधिकारी आश्रम में रहने वाले बच्चों की समय-समय पर काउंसलिंग करें। जिससे बच्चों में किसी प्रकार का भटकाव ना आए। बच्चे एक सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ सकें।