प्रदेशभर में बृहस्पतिवार को घना कोहरा रहा। कई जिलों में सुबह 11 बजे तक कोहरे की चादर छाई रही। धुंध की वजह से कई जगह वाहन भिड़ गए। यमुनानगर में अलग-अलग हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई।
हिसार के पास ट्रक-जीप भिड़ंत में छह और सिरसा क्षेत्र में कार-ट्रैक्टर की टक्कर में दो लोग घायल हो गए। उधर फतेहाबाद में भी बस और बाइक की टक्कर में तीन युवक घायल हो गए।
प्रदेश के सभी जिलों में बुधवार रात से ही कोहरे की घनी परत छा गई थी, जो बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे तक बनी रही। इस वजह से ठंड का जबर्दस्त असर रहा। अलसुबह दृश्यता इतनी कम थी कि वाहन रेंगते हुए चल रहे थे।
यमुनानगर में धुंध के कारण ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से बाइक सवार मेहला निवासी शलिंद्र व आनंद की मौत हो गई। इसी प्रकार एक अन्य हादसे में सढोरा रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से सढोरा निवासी परमराज चुघ की मौत हो गई। रेवाड़ी में भी दो बसें टकरा गई। इससे तीन लोग घायल हो गए।
बेअसर रहा सूरज
सर्द हवा और धुंध के कारण प्रदेश के अधिकांश जिलों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। नारनौल में सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.5 डिसे. रहा। ठंड के असर से लोग सुबह देरी से घरों से निकले और शाम को जल्दी घर लौट गई। दोपहर में धूप खिली, लेकिन सर्द हवा के सामने बेअसर रही। बाजारों में ऊनी वस्त्र विक्रेताओं के यहां भीड़ दिखी, लेकिन सामान्य ग्राहकी सुस्त रही। मौसम विभाग के अनुसार ठंड और कोहरे का असर आगामी दिनों में बरकरार रहेगा।
रेल-सड़क यातायात प्रभावित
धुंध की वजह से रेल व सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। यमुनानगर में आधा दर्जन ट्रेनें निर्धारित समय से देर पहुंची। पानीपत में भी 25 ट्रेनें देरी से पहुंची और रवाना हुईं।