चंडीगढ़। ऑयल मार्केटिंग कंपनियां (ओएमसी) इंडियन ऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल ने देश भर में नए रिटेल आउटलेट की स्थापना की घोषणा की है। इसका लक्ष्य तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के अनुरूप पेट्रोल और डीजल की बढ़ती मांग को पूरा करना है। पिछले कुछ वर्षों में पेट्रोल और डीजल की खुदरा बिक्री की मांग बढ़ती जा रही है। ओएमसी चंडीगढ़ और पंजाब के साथ लगते राज्यों में 2949 रिटेल आउटलेट खोलने जा रही है। तेल उद्योग, पंजाब के राज्य स्तरीय समन्वयक ने बताया कि उद्यमियों को प्रमुख कंपनियों के साथ जुड़ने और रिटेल आउटलेट डीलरशिप क्षेत्र में सफल उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। देश में आर्थिक विकास के कारण भूमि दुर्लभ और महंगी हो गई है और भूमि मालिकों के लिए ओएमसी की डीलरशिप सहित वैकल्पिक उद्देश्यों के लिए ऐसी भूमि का उपयोग करने के नए अवसर मिले हैं। इसके तहत पंजाब में आईओसी के 584, बीपीसी के 585 और एचपीसी के 456 रिटेल आउटलेट खोले जाएंगे। इसी तरह चंडीगढ़ में बीपीसी के दो और एचपीसी के चार पेट्रोल पंप खुलेंगे। पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश में आईओसी के 316, बीपीसी के 150 और एचपीसी के 175 रिटेल आउटलेट की स्थापना की जाएगी। इस तरह जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को मिलाकर कुल 2949 आउटलेट स्थापित होंगे। उन्होंने बताया कि तेल विपणन कंपनियों ने पेट्रोल पंपों की स्थापना के लिए संभावित उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए एक स्वतंत्र एजेंसी द्वारा कम्प्यूटरीकृत ड्रॉ या बोली से करवाई जाएगी। इच्छुक उद्यमी वेबसाइट www.petrolpumpdealerchayan.in पर उपलब्ध विस्तृत जानकारी और ब्रोशर देख सकते हैं।