चंडीगढ़। चंडीगढ़ पुलिस समेत अन्य सरकारी विभागों में नौकरी लगवाने के नाम पर शातिर ठगों ने तीन लोगों से 28.50 लाख रुपये ठग लिए। तीनों मामलों की शिकायत मिलने पर यूटी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले मामले में सेक्टर-3 थाना पुलिस को दी शिकायत में अंबाला कैंट निवासी संजय शर्मा ने बताया है कि कुछ समय पहले उनकी मुलाकात आशीष कुशवाहा और नीरज कुमार से हुई थी। इन दोनों के साथ कुछ और लोग भी थे। उन्होंने वादा किया कि वह उनके बेटे की नौकरी चंडीगढ़ पुलिस में लगवा देंगे। इसके लिए उन्होंने संजय शर्मा से 15 लाख रुपये लिए लेकिन बाद में न तो बेटे की नौकरी लगवाई और न ही पैसे लाैटाए।
दूसरे मामले में मोहाली निवासी एक युवक को रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर शातिरों ने छह लाख रुपये ठग लिए। सेक्टर-31 थाना पुलिस को दी गई शिकायत में मोहाली निवासी छोटेलाल ने बताया कि आलोक कुमार नाम के व्यक्ति ने उससे कहा कि वह उसकी नौकरी रेलवे में लगवा देगा। इसके एवज में उसने छह लाख रुपये ले लिए। रुपये लेने के कुछ दिन बाद उसने नियुक्ति पत्र भी दे दिया लेकिन जब वह नियुक्ति पत्र लेकर रेलवे में ज्वाइनिंग के लिए पहुंचा तो पता चला कि यह नियुक्ति पत्र फर्जी है। इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी।
युवक से नौकरी के नाम पर 7.50 लाख ठगे
तीसरे मामले में हरियाणा के जींद जिला के गांव घरौंडी निवासी युवक से नौकरी के नाम पर 7.50 लाख रुपये की ठगी की गई। इसकी भी शिकायत सेक्टर-31 थाना पुलिस को दी गई है। शिकायतकर्ता नितिन ने बताया कि उन्होंने नौकरी के लिए हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा जिले के गांव भटेकी निवासी अखिलेश सिंह से संपर्क किया था। उसने वादा किया था कि सरकारी विभाग में उनकी पक्की नौकरी लगवा देगा। इसके लिए उससे 7.50 लाख रुपये ले लिए मगर न तो नौकरी दिलाई और न ही रुपये लौटाए।