चंडीगढ़। यूटी में कनक (गेहूं) की खरीद का काम पूरा हो गया है। चंडीगढ़ में फूड कारपोरेशन ऑफ इंडिया (एफसीआई) द्वारा 11482 मीट्रिक टन कनक की खरीद की गई। इस बार यूटी की ओर से 14 हजार मीट्रिक टन कनक खरीद का लक्ष्य रखा गया था लेकिन तय लक्ष्य से इस बार 2518 मीट्रिक टन कम खरीद हो पाई। कोरोना संक्रमण के कारण किसानों में सोशल डिस्टेंसिंग बनी रहे, इसको लेकर सेक्टर-39 की ग्रेन मार्केट में इस बार कनक खरीद की खरीद की गई। कनक खरीद के लिए यूटी में एफसीआई और 20 आढ़तियों को अधिकृत किया गया था, जहां दो माह में 11482 मीट्रिक टन कनक ही खरीदा जा सका। एफसीआई के अधिकारियों ने बताया कि कनक खरीद के बाद अब लिफ्टिंग का काम किया जा रहा है। एफसीआई के अधिकारियों ने बताया कि कोरोना संक्रमण के चलते ही यूटी में कनक की खरीद कम हो सकी है। वहीं, इस बार खेतों में 10-20 फीसदी पैदावार कम हुई है। हालांकि किसानों को कनक खरीद के लिए निर्धारित मूल्य पर ही फसल की बिक्री की गई।